CM सम्राट की सिक्योरिटी ने निशांत कुमार को दिया धक्का! बिहार में सियासी हंगामा, JD-U नाराज, रोहिणी ने भी उठाए सवाल, Video

0

जद-यू नेता नीरज कुमार ने कहा कि इस वीडियो के सामने आते ही यह सवाल तेजी से उठने लगा है कि सब कुछ जानते हुए भी आखिर क्या किसी ने कोई गुनाह किया है? इस पर पुलिस मुख्यालय को बिना देरी के गंभीरता से पहल करनी चाहिए।

Nishant Kumar News: बिहार की राजनीति में एक नए विवाद ने तूल पकड़ लिया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सुरक्षाकर्मियों द्वारा स्वास्थ्य मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को कथित तौर पर धक्का दिए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जद-यू ने इस घटना पर नाराजगी जाहिर की है। साथ ही राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर हमला बोला है।

क्या है पूरा मामला?

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना बुधवार, 18 नवंबर 2026 को राघोपुर में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के दौरे के दौरान हुई। मुख्यमंत्री कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल के निरीक्षण के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान सामने आए वीडियो में सुरक्षाकर्मियों को निशांत कुमार को धक्का देते हुए देखा जा सकता है। गौरतलब है कि इस पुल का उद्घाटन 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया जाना प्रस्तावित है।

घटना पर जद-यू ने जाहिर की नाराजगी

जेडीयू नेता और विधान परिषद के सदस्य नीरज कुमार ने इस घटना को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी दौरे की पूर्व तैयारियों के सिलसिले में वैशाली में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई थी। इस प्रशासनिक हलचल के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, समीक्षा बैठक में शामिल होने के लिए वैशाली के प्रभारी मंत्री निशांत कुमार के साथ पहुंचे थे। बैठक के घटनाक्रम के दौरान अचानक एक वीडियो सामने आया, है जो बेहद दुखद और पीड़ाजनक है। नीरज कुमार ने कहा कि इस वीडियो के सामने आते ही यह सवाल तेजी से उठने लगा है कि सब कुछ जानते हुए भी आखिर क्या किसी ने कोई गुनाह किया है? इस पर पुलिस मुख्यालय को बिना देरी के गंभीरता से पहल करनी चाहिए।

घटना पर आरोप-प्रत्यारोप तेज

वीडियो वायरल होने के बाद आरजेडी प्रवक्ता एजाज अहमद समेत विपक्ष के कई नेताओं ने घटना पर सवाल उठाए हैं। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने भी इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए नीतीश कुमार और निशांत कुमार की स्थिति को लेकर सवाल उठाए हैं। अब इस वीडियो को लेकर बिहार की सियासत में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।

निशांत को सरेआम जलील कर रही है बीजेपी-रोहिणी

X पर अपने पोस्ट में रोहिणी ने कहा, ‘पहले नीतीश कुमार जी को जलालत के साथ किनारे किया और अब उनके बेटे निशांत को सरेआम जलील कर रही है बीजेपी। गजब की सहनशक्ति है चाचा जी की, लगता है अपने आत्म-सम्मान और स्वाभिमान को पूरी तरह से दफ्न कर चुके हैं और अब अपने बेटे को भी अपनी ही चाल में ढलने को मजबूर कर रहे हैं।’

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here