कार्तिक पूर्णिमा पर बंजर नदी में स्नान करने गया व्यक्ति लापता

0

दो दिन से एसडीआरएफ का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

तलई धारा में पूजा और स्नान के दौरान हुआ लापता
नदी में तलाश के बावजूद नहीं लगा सुराग

बालाघाट। मलाजखंड थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम संतापुर के समीप बंजर नदी की तलई धारा में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर पूजा-अर्चना और स्नान करने गया 57 वर्षीय व्यक्ति अचानक लापता हो गया। घटना के बाद से उसकी तलाश की जा रही है। बालाघाट होमगार्ड की एसडीआरएफ टीम द्वारा पिछले दो दिनों से बंजर नदी में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है, लेकिन लगातार तलाश के बावजूद लापता व्यक्ति का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। घटना के बाद से परिजन परेशान हैं और उसकी तलाश जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार लापता व्यक्ति सरवन पिता संपत्त उइके 57 वर्ष ग्राम संतापुर थाना मलाजखंड निवासी बताया गया है। सरवन अपने परिवार के साथ खेती-किसानी का काम करता था। और वह गांव का पंडा भी था। बताया गया है कि 25 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर वह अपने गांव से लगभग आधा किलोमीटर दूर स्थित बंजर नदी की तलई धारा में पूजा-अर्चना करने और स्नान करने के लिए गया था। उसके साथ गांव के कुछ अन्य लोग भी नदी में स्नान करने पहुंचे थे।बताया जाता है कि पूजा-अर्चना के बाद जब सरवन बंजर नदी की तलई धारा में स्नान कर रहा था उसी दौरान वह अचानक लापता हो गया। काफी देर तक जब उसका कोई पता नहीं चला तो साथ गए ग्रामीणों और परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास के क्षेत्र और नदी में खोजबीन करने के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो घटना की सूचना मलाजखंड थाना पुलिस को दी गई।

26 नवंबर से शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना की गंभीरता को देखते हुए 26 नवंबर से बालाघाट होमगार्ड की एसडीआरएफ टीम ने बंजर नदी में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। टीम द्वारा नदी के पानी में संभावित स्थानों पर लगातार तलाश की गई। 26 नवंबर को दिनभर खोजबीन के बाद भी सरवन का पता नहीं चल पाया।इसके बाद 27 नवंबर को भी एसडीआरएफ की टीम ने नदी में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया। नदी की तलई धारा में संभावित स्थानों पर तलाश की गई लेकिन दूसरे दिन भी टीम को कोई सफलता नहीं मिली। लगातार दो दिनों से चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन के बावजूद लापता सरवन का पता नहीं चलने से परिजनों की चिंता बढ़ती जा रही है।फिलहाल बंजर नदी में लापता व्यक्ति की तलाश जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here