कोसमी में सूने मकान में हुई चोरी का पुलिस ने किया खुलासा: छह आरोपी पकड़े

0

बालाघाट और रायपुर से आरोपियों को किया गिरफ्तार
चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण शत-प्रतिशत बरामद

बालाघाट। थाना ग्रामीण नवेगांव पुलिस ने ग्राम कोसमी में सूने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने की वारदात का खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो विधि विरुद्ध बालकों को अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गए सोने-चांदी के सभी आभूषण शत-प्रतिशत बरामद कर लिए गए हैं। इसके अलावा चोरी में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और औजार भी पुलिस ने जप्त किए हैं।

पुलिस अधीक्षक मलय जैन के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निहित उपाध्याय, नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिरा (आईपीएस) एवं प्रभारी नगर पुलिस अधीक्षक प्रशांत शर्मा के मार्गदर्शन में संपत्ति संबंधी अपराधों की पतासाजी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में ग्रामीण नवेगांव पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की मदद से इस चोरी का पर्दाफाश किया।

सूने मकान का ताला तोड़कर उड़ाए थे जेवरात

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम कोसमी निवासी मुकेश सोनवाने पिता स्व. दयाल सिंह सोनवाने ने 15 नवंबर 2026 को थाना ग्रामीण नवेगांव में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 14 नवंबर की रात वह सरई टोला गर्रा गया हुआ था। इसी दौरान 14 एवं 15 नवंबर की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने उसके सूने मकान का ताला तोड़कर अंदर रखी आलमारियों से सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए थे। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 369/2026, धारा 331(4) एवं 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही घटनास्थल एवं संभावित मार्गों का पीएसटीएन डेटा एकत्रित कर तकनीकी विश्लेषण किया गया। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से मिले सुरागों के आधार पर साइबर सेल की मदद से संदिग्ध मोबाइल नंबरों की लोकेशन और गतिविधियों का विश्लेषण किया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से अरुण टेकाम, गौरव मुते उर्फ मोंटी और तुषार ध्रुव को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई में थाना गुढ़ियारी, जिला रायपुर पुलिस का भी सहयोग रहा। वहीं आरोपी सोमेश उइके को बालाघाट से अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। मामले में दो विधि विरुद्ध बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया है।

चोरी गए सभी आभूषण बरामद

पुलिस ने आरोपियों और विधि विरुद्ध बालकों से पूछताछ कर उनकी निशानदेही पर चोरी गए सोने-चांदी के आभूषणों की शत-प्रतिशत बरामदगी की। जप्त सामग्री में सोने का ब्रेसलेट, चेन, रानीहार, पेंडल, कान के टॉप्स, चांदी की पायजेब, पायल, करधन, चांदी की चेन सहित अन्य आभूषण शामिल हैं। इसके अलावा सोने जैसी धातु की झुमकी, कान के टॉप्स और अंगूठी भी बरामद की गई है।पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक एम पी 50 जेड जे 1138, लोहे का औजार और डायमंड कंपनी का ताला भी जप्त किया है।

ये आरोपी हुए गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में गौरव मुते उर्फ मोंटी 19 वर्ष ग्राम गर्रा, थाना कोतवाली बालाघाट,अरुण टेकाम 19 वर्ष ग्राम गर्रा, थाना कोतवाली बालाघाट,तुषार ध्रुव 20 वर्ष गोगांव थाना गुढ़ियारी जिला रायपुर तथा सोमेश उइके 20 वर्ष ग्राम मांझापुर थाना वारासिवनी निवासी शामिल हैं। इनके अलावा दो विधि विरुद्ध बालकों को अभिरक्षा में लिया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here