एक ही कमरे में कक्षा पहली से पांचवीं तक के डेढ़ दर्जन से अधिक विद्यार्थी कर रहे अध्ययन, मुख्य मार्ग किनारे दुर्घटना का खतरा
पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। वारासिवनी जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत गर्रा के ब्राह्मण टोली स्थित शासकीय प्राथमिक शाला की बदहाल व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। जर्जर भवन में पांच कक्षाओं का संचालन और शिक्षकों की कथित लेटलतीफ ी के चलते विद्यार्थियों को स्कूल के बाहर इंतजार करना पड़ता है। मुख्य मार्ग किनारे स्थित विद्यालय के बाहर खड़े बच्चों पर हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों द्वारा कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद शिक्षा विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं की गई है।
२००५ में बना भवन, अब झडऩे लगा प्लास्टर और दिखने लगी सरिया
प्राप्त जानकारी के अनुसार शासकीय प्राथमिक शाला ब्राह्मण टोली के भवन का निर्माण लगभग वर्ष २००५ में कराया गया था। वर्तमान में भवन की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि प्लास्टर उखडऩे लगा है सरिया दिखाई देने लगी है। जहाँ कक्षा पहली से पांचवीं तक के डेढ़ दर्जन से अधिक विद्यार्थी अध्ययनरत हैं जिन्हें एक ही छोटे कमरे में बैठकर पढ़ाई करनी पड़ रही है। सीमित स्थान के कारण बच्चों के बैठने, अध्ययन अध्यापन और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों में भी परेशानी होती है। विद्यालय की दूसरी बड़ी समस्या शिक्षकों की समय पर उपस्थिति को लेकर है। ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय में दो शिक्षक पदस्थ हैं वह निर्धारित समय पर नहीं पहुंचने के कारण विद्यार्थियों को स्कूल खुलने का इंतजार करना पड़ता है। इस दौरान विद्यालय का गेट बंद रहने से छोटे छोटे विद्यार्थी सडक़ किनारे बाहर खड़े रहते हैं। ग्रामीणों ने शिक्षक संतोष चित्रिव की कार्यप्रणाली पर आरोप लगाया की वह कभी भी विद्यालय आकर उपस्थिति दर्ज कराने के बाद खेती किसानी अथवा अन्य निजी कार्यों के लिए चले जाते हैं। ऐसी स्थिति में एक शिक्षक के भरोसे पांचों कक्षाओं के विद्यार्थियों का अध्यापन होने की बात सामने आ रही है। विद्यालय की स्थिति इसलिए भी अधिक संवेदनशील है क्योंकि यह प्रमुख मार्ग पर स्थित है। यहां से एक मार्ग कोथुरना, दूसरा रामपायली, तीसरा वारासिवनी और चौथा झाडग़ांव की ओर जाता है। इस कारण सुबह और शाम के समय यहां वाहनों की आवाजाही काफी अधिक रहती है। छोटे वाहनों के साथ भारी वाहन भी इस मार्ग से गुजरते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि लगभग तीन वर्ष पूर्व रात्रि के समय रेत से भरे एक डंपर ने विद्यालय की बाउंड्रीवॉल को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया था। पूर्व में हो चुकी इस घटना के मद्देनजर विद्यालय के बाहर सडक़ किनारे खड़े रहने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई है। ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग से जर्जर विद्यालय भवन की मरम्मत अथवा नवीन भवन निर्माण कराने की मांग की है। साथ ही भवन में कक्षाओं का संचालन असुरक्षित होने पर विद्यार्थियों को समीपस्थ सुरक्षित शाला में समायोजित करने और शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने की मांग की है।
संतोष चित्रिव स्कुल और घर का काम करता है -दिलीप बिसेन
ग्रामीण दिलीप बिसेन ने बताया कि विद्यालय की छत का प्लास्टर झड़ रहा है और सरिया दिखाई देने लगी है। अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर भवन की मरम्मत करानी चाहिए । अन्यथा बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए विद्यालय को समीपस्थ संकुल में समायोजित किया जाए। स्कूल में दो शिक्षक है उसमें एक संतोष चित्रिव और दूसरे रामपायली से आते हैं संतोष चित्रिव का घर और पैतृक संपत्ति यहीं पर है ,वह कभी भी आ जाते हैं जो स्कूल एवं घर दोनों का काम देखते हैं। बच्चे समय पर स्कूल पहुंच जाते हैं लेकिन शिक्षक समय तक नहीं आ पाते हैं। शिक्षकों के देर से आने के कारण मुख्य मार्ग किनारे खड़े रहते हैं। चौराहे पर अधिक यातायात होने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। शिक्षकों को समय पर पहुंचकर स्कूल का गेट खोलना चाहिए ताकि बच्चे परिसर में सुरक्षित रह सकें।
इनका कहना हैं
दूरभाष पर चर्चा में बताया कि शिक्षको के शाला में लेट आने और प्रधान पाठक के द्वारा अपनी उपस्थिति लगाकर निजी कार्य करने के विषय में जन शिक्षक को भेज कर जांच करवायी जाएगी। वहीं इसके पहले शिक्षा विभाग उपयंत्री के द्वारा स्कूलों का निरीक्षण किया गया था जिसमें उक्त स्कूल का प्रस्ताव वरिष्ठ कार्यालय को भेज दिया गया है स्वीकृति मिलते ही मरम्मत करवा दी जायेगी।










































