श्रीनगर के बर्बर शाह इलाके में शनिवार को पुलिस और सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स (CRPF) की जॉइंट पार्टी पर आतंकियों ने ग्रेनेड से हमला कर दिया। इसमें जवानों को तो नुकसान नहीं हुआ लेकिन, एक महिला समेत चार नागरिक घायल हो गए। इनमें से एक ने बाद में दम तोड़ दिया। मरने वाले की पहचान मुदासिर अहमद के रूप में हुई है।
जम्मू-कश्मीर पुलिस के मुताबिक, घटना शाम करीब 6 बजे की है। पुलिस ने कहा कि ग्रेनेड जवानों तक नहीं पहुंच पाया और सड़क पर फट गया। घायल हुए चारों लोगों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। अब तक मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
घटना का वीडियो सामने आया
इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें सड़क पर सामान्य ट्रैफिक दिखाई दे रहा है। तभी अचानक एक धमाका होता है। एक CRPF जवान बंकर के पीछे छिपकर खुद को बचाता दिख रहा है। ब्लास्ट सड़क से गुजर रही एक महिला के बिल्कुल पास हुआ। यही महिला घायल हुई है।










































