जिला मुख्यालय निकट स्थित वारासिवनी थाना अंतर्गत आने वाले बॉटनीकल गार्डन में लूट की वारदात को अंजाम देने वाले एक आरोपी को ८ मई को पुलिस ने न्यायालय के समक्ष पेश किया है।
आरोपी को न्यायालय ने उपजेल भिजवा दिया है। मामलें में फरार चल रहे अन्य ३ आरोपियों की सरगर्मी से वारासिवनी पुलिस तलाश कर रही है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी दीपक कावरे वार्ड नं. १२ लिंगा नवागॉव ग्रामीण थाना बालाघाट का निवासी है।
जो शनिवार को अपने चाचा की लड़की को लालबर्रा छोडऩे गया था। वापसी में बॉटनीकल गार्डन गया हुआ था। इस दौरान प्रार्थी को महिला मित्र मिली जिससे वो बात करने लगा था वहां पर ४ अज्ञात लोग आकर कहने लगे की लड़की के साथ क्या बात कर रहा है और ४ में से एक रफीक खान द्वारा उसे प्लास्टीक के पाईप से मारने का कहकर डराते हुये जेब में रखे ५ सौ रूपये का नोट निकाल लिया गया।
इस मामलें में ४ आरोपियों द्वारा कान के सोने के टॉप्स, वीवो कंपनी का ४ जी मोबाईल, नकद रूपये इस प्रकार करीब अनुमानित साढ़े सत्रह हजार रूपये की लूट की गई। पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर शंकर घाट निवासी विशाल परते, गर्रा निवासी रफीक खान, राहुल पटले, अंकुश पटले के खिलाफ भादवि की धारा ३९२, ३४ के तहत अपराध पंजीबध्द कर मामलें को विवेचना में लिया है। मामले की जॉच एसआई योगेन्द्र सिंह चौहान द्वारा की जा रही है।










































