भारतीय क्रिकेट टीम के लय देख पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम भयभीत हैं। टी20 वर्ल्ड कप के अपने पहले वॉर्मअप मैच में ऑस्ट्रेलिया को 6 रन से हराया, तो वहीं पाकिस्तान को इंग्लैंड के हाथों हार झेलनी पड़ी। अब भारत को 19 अक्टूबर यानी बुधवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरा वॉर्मअप मैच खेलना है। हालांकि, इस मैच से पहले टीम इंडिया ने प्रैक्टिस करने के बजाए आराम करने का फैसला लिया। वहीं, पाकिस्तान की टीम इंग्लैंड से हारने के बाद नेट्स पर पसीना बहाने के लिए उतर गई। पाकिस्तान को अपना पहला मैच भारत से 23 अक्टूबर को खेलना है। इस हाई वोल्टेज मुकाबले के लिए दोनों ही टीमें कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहती हैं। हर खिलाड़ी इस मैच से पहले अपनी कमियों और कमजोरियों को दूर कर लेना चाहता है। इसमें पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम भी शामिल हैं।
बाबर भारत के खिलाफ होने वाले मैच से पहले नेट्स पर खास तैयारी कर रहे हैं। इसका वीडियो सामने आया है। इसमें वो शॉर्ट पिंच और बाउंसर गेंदों के खिलाफ नेट्स पर प्रैक्टिस करते नजर आए। बाबर ने करीब एक घंटे तक नेट्स पर शॉर्ट गेंदों के खिलाफ बल्लेबाजी का अभ्यास किया। बीते कुछ महीनों में भारतीय तेज गेंदबाजों ने अपनी शॉर्ट पिंच गेंदों से विपक्षी बल्लेबाजों को काफी परेशान किया है। एशिया कप, इसके बाद ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हुई घरेलू टी20 सीरीज में भी भारतीय तेज गेंदबाजों ने शॉर्ट पिच गेंदों और बाउंसर का अच्छा इस्तेमाल किया था। पाकिस्तान की टीम भी भारतीय गेंदबाजों की इस नई ताकत से अंजान नहीं है। इसलिए बाबर और दूसरे पाकिस्तानी बल्लेबाज नेट्स पर शॉर्ट पिच गेंदों को खेलने का अभ्यास कर रहे हैं।
ऑस्ट्रेलियाई पिचों पर वैसे भी तेज गेंदबाजों को अतिरिक्त उछाल मिलता है और गेंदबाज इसका पूरा फायदा उठाने की कोशिश करते हैं। भारतीय टीम भी इसमें पीछे नहीं रहने वाली है। हाल के कुछ महीनों में बाबर शॉर्ट गेंदों के खिलाफ संघर्ष करते नजर आए हैं। एशिया कप में भी भारत के खिलाफ पहले मैच में बाबर शॉर्ट गेंद पर ही आउट हुए थे। तब उन्हें भुवनेश्वर कुमार ने अपनी रफ्तार से चौंका दिया था। टीम इंडिया में भले ही जसप्रीत बुमराह नहीं हैं। लेकिन, मोहम्मद शमी और हार्दिक पंड्या दोनों शॉर्ट गेंदों और बाउंसर का इस्तेमाल करना बखूबी जानते हैं। ऐसे में बाबर महामुकाबले से पहले अपनी तैयारी पूरी कर लेना चाहते हैं।
शमी ने जिस तरह से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वॉर्मअप मैच में सीधे 20वां ओवर फेंका और अपनी सटीक यॉर्कर से ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को चारों खाने चित कर दिया। उसे, पाकिस्तान टीम ने भी देखा होगा। उन्हें भी इस बात का अंदाजा मिल चुका होगा कि शमी पूरी तरह तैयार हैं और बुमराह की गैरहाजिरी में भी भारतीय गेंदबाजों से पार पाना पाकिस्तान के लिए उतना आसान नहीं होगा।










































