Bank Holiday Alert: अगर आप शनिवार यानी 25 अप्रैल को बैंक जाने की योजना बना रहे हैं, तो यह जानकारी आपके लिए काम की साबित हो सकती है। अक्सर बैंक ग्राहकों के मन में यह सवाल रहता है कि शनिवार को बैंक खुले रहेंगे या बंद। अगर आप भी 25 अप्रैल को लेकर कंफ्यूज हैं, तो पहले बैंक हॉलिडे (Bank holiday) का नियम समझ लेना जरूरी है।
कब बंद रहते हैं बैंक
दरअसल, भारत में बैंक हर शनिवार को बंद नहीं होते, बल्कि इसके लिए एक तय सिस्टम है, जिसे भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने निर्धारित किया है। RBI के नियमों के अनुसार, हर महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को देशभर में सभी बैंक बंद रहते हैं, जबकि पहले, तीसरे और पांचवें शनिवार को बैंक सामान्य रूप से खुले रहते हैं। ऐसे में 25 अप्रैल 2026 को देखें, तो यह महीने का चौथा शनिवार है, इसलिए इस दिन पूरे भारत में बैंक शाखाएं बंद रहेंगी।
ऑनलाइन हो सकेंगे बैंकिंग काम
हालांकि, यह समझना भी जरूरी है कि बैंक शाखाएं बंद होने का मतलब यह नहीं है कि सभी बैंकिंग सेवाएं बंद रहेंगी। आज के डिजिटल युग में ग्राहक इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और ATM जैसी सुविधाओं के जरिए अपने अधिकांश काम आसानी से कर सकते हैं। पैसे ट्रांसफर करना, बैलेंस चेक करना, बिल भुगतान करना या यहां तक कि नया बैंक खाता खोलना भी अब ऑनलाइन संभव है। इसलिए जरूरी कामों के लिए शाखा पर निर्भरता पहले की तुलना में काफी कम हो गई है।
कल बंद रहेंगे बैंक
इसके बावजूद, कुछ ऐसे काम होते हैं जिनके लिए बैंक शाखा जाना जरूरी होता है जैसे KYC अपडेट, डिमांड ड्राफ्ट बनवाना या बड़े कैश ट्रांजैक्शन। ऐसे में ग्राहकों को सलाह दी जाती है कि वे अपने जरूरी कामों की पहले से योजना बना लें। खासकर चौथे शनिवार के बाद रविवार भी बैंक बंद रहता है, जिससे लगातार दो दिन बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं और आपके काम में देरी हो सकती है।
अप्रैल में कब खुले रहेंगे बैंक
अगर अप्रैल महीने की बात करें, तो अब यह महीना खत्म होने की ओर है और आगे शनिवार-रविवार की छुट्टियां भी आ रही हैं। ऐसे में अगर आपको बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम निपटाना है, तो बेहतर होगा कि आप सोमवार, मंगलवार, बुधवार या गुरुवार जैसे कार्यदिवस में ही इसे पूरा कर लें।








































