Grand Chess Tour Croatia: पहले दिन प्रज्ञानानंदा संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर, गुकेश ने हार के बाद की वापसी

0

Grand Chess Tour Croatia 2026: ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञानानंदा ने ग्रैंड चेस टूर के जागरेब चरण में जर्मनी के शीर्ष वरीय विन्सेंट कीमर को हराकर अपने अभियान की शुरुआत की लेकिन अगली दो बाजियां ड्रॉ खेली और रैपिड वर्ग के पहले दिन संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे। आर प्रज्ञानानंदा ने बुधवार को फ्रांस के मैक्सिम वाचियेर लाग्रेव और अपने ही देश के विश्व चैंपियन डी गुकेश के साथ कड़े मुकाबले के बाद बाजी ड्रॉ खेली और दिन का अंत चार अंक के साथ किया।

फ्रांस के अलीरेजा फिरोजा अपनी शुरुआती दो बाजी जीतकर और फिर तीसरे दौर में नीदरलैंड के अनीश गिरी के साथ ड्रॉ खेलकर पांच अंक के साथ शीर्ष पर हैं। रैपिड प्रारूप में हर जीत के लिए दो अंक मिलते है। फिरोजा ने प्रज्ञानानंदा, गिरी, वाचियेर-लाग्रेव और कीमर पर बढ़त बना रखी है जिन सभी के चार अंक हैं। कीमर ने पहले दौर में हार के बाद दो जीत के साथ वापसी की थी।

नॉर्वे शतरंज का खिताब जीतने वाले प्रज्ञानानंदा ने कीमर के खिलाफ आक्रामक खेल दिखाया और सीधे विरोधी राजा पर हमला करते हुए सिर्फ 26 चाल में जीत हासिल की। भारतीय खिलाड़ी का मुकाबला वाचियेर-लाग्रेव से ड्रॉ रहा जिन्होंने विश्व चैंपियन गुकेश पर शानदार जीत के साथ शुरुआत की थी।

फ्रांसीसी खिलाड़ी से हारने के तुरंत बाद गुकेश ने लय वापस पा ली और दूसरे दौर में क्रोएशिया के इवान सारिक को आसानी से हरा दिया।

डी गुकेश अब रोमानिया के डीक बोगदान-डैनियल के साथ तीन अंक पर हैं। ये दोनों उज्बेकिस्तान के नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव से पूरा एक अंक आगे हैं। नीदरलैंड के जोर्डन वैन फॉरेस्ट का एक अंक है जबकि सारिक ने अभी खाता नहीं खोला है। रैपिड के नौ दौर के बाद 18 दौर का ब्लिट्ज वर्ग होगा और विजेता का फैसला दोनों वर्ग के कुल अंक के आधार पर किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here