मिल्की मिस्ट की शेयर बाजार में मजबूत शुरूआत हुई है। IPO प्राइस की तुलना में शेयर 18% प्रीमियम पर लिस्ट हुए हैं। इस तरह निवेशकों को ग्रे मार्केट प्रीमियम से मिले संकेतों की तुलना में बेहतर रिटर्न मिला है।Milky Mist Dairy Food के शेयरों ने 18 अगस्त को शेयर बाजार में मजबूत शुरुआत की। कंपनी के शेयर NSE और BSE दोनों पर 165 रुपये के भाव पर लिस्ट हुए। यह IPO के 140 रुपये के अपर प्राइस बैंड से करीब 17.86% ज्यादा है। इस तरह निवेशकों को लिस्टिंग पर ही अच्छा फायदा मिला। कंपनी के 1,553 करोड़ रुपये के आईपीओ को 56.12 गुना सब्सक्रिप्शन मिला था।
GMP के आधार पर ग्रे मार्केट में करीब 14% लिस्टिंग गेन की उम्मीद की जा रही थी, लेकिन शेयर ने उससे बेहतर प्रदर्शन किया। लिस्टिंग के बाद कंपनी का मार्केट कैप करीब 12,702 करोड़ रुपये पहुंच गया। इससे पहले Milky Mist ने एंकर निवेशकों से 465.30 करोड़ रुपये जुटाए थे।
अब शेयर खरीदें या मुनाफा बुक करें?
लिस्टिंग के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि निवेशक अब शेयर में पैसा लगाएं या मुनाफा बुक करें। Kantilal Chhaganlal Securities के मुताबिक कंपनी का फोकस प्रीमियम और वैल्यू-एडेड डेयरी प्रोडक्ट्स पर बढ़ रहा है। पनीर और दही जैसे उत्पादों में कंपनी को बेहतर कीमत और लंबे समय में मार्जिन का फायदा मिल सकता है। उनका मानना है कि शॉर्ट टर्म निवेशक लिस्टिंग गेन का कुछ हिस्सा बुक कर सकते हैं, जबकि मीडियम से लॉन्ग टर्म निवेशक शेयर को होल्ड कर सकते हैं।वहीं, Anand Rathi Shares and Stock Brokers के मुताबिक कंपनी का इंटीग्रेटेड फार्म-टू-रिटेल मॉडल, सीधे किसानों से दूध की खरीद, 4,001 डिस्ट्रीब्यूटर्स और 3.75 लाख से ज्यादा रिटेल टचपॉइंट्स कंपनी की ग्रोथ को मजबूत आधार देते हैं। कंपनी का बढ़ता फोकस हाई-मार्जिन वैल्यू-एडेड डेयरी प्रोडक्ट्स पर है, जिससे इसका मॉडल एफएमसीजी कंपनियों के करीब आता जा रहा है।
कंपनी की ग्रोथ कितनी मजबूत?
Milky Mist भारत की तेजी से बढ़ती पैकेज्ड फूड कंपनियों में शामिल है। वित्त वर्ष 2024 से वित्त वर्ष 2026 के बीच कंपनी का रेवेन्यू सीएजीआर 31.3% रहा। कंपनी पनीर, चीज, दही, योगर्ट, मक्खन, घी और आइसक्रीम जैसे उत्पाद बेचती है। कंपनी लिक्विड मिल्क कारोबार में नहीं है।
कहां होगा IPO की रकम का इस्तेमाल?
IPO से मिली रकम का इस्तेमाल व्हे प्रोटीन कॉन्संट्रेट, योगर्ट और क्रीम चीज प्लांट लगाने के साथ आइसक्रीम फ्रीजर और चॉकलेट कूलर लगाने में किया जाएगा। डेयरी सेक्टर में Parag Milk Foods, Hatsun Agro Product और Dodla Dairy इसके प्रमुख लिस्टेड पीयर हैं। कुल मिलाकर, मजबूत ग्रोथ, वैल्यू-एडेड प्रोडक्ट्स और बढ़ते डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क के कारण कंपनी का लॉन्ग टर्म आउटलुक सकारात्मक दिखता है। हालांकि, तेज लिस्टिंग गेन के बाद नए निवेशकों को ऊंचे भाव पर एंट्री से पहले कंपनी की वैल्यूएशन और आगे की ग्रोथ पर नजर रखनी चाहिए।
डिस्क्लेमर: TimesNow Navbharat किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है। यहां पर केवल जानकारी दी गई है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें।










































