नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दावा किया है कि भारत में उनका इंस्टाग्राम अकाउंट प्रतिबंधित कर दिया गया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इंस्टाग्राम अकाउंट ब्लॉक होने का स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए मेटा और मेटा इंडिया से कार्रवाई की वजह पूछी। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि उन्हें अब तक यह नहीं बताया गया कि उनका अकाउंट क्यों प्रतिबंधित किया गया है।
अपने पोस्ट में केजरीवाल ने लिखा कि मेटा के भारत स्थित कार्यालय से मौखिक रूप से पूछताछ करने पर उन्हें बताया गया कि उनका अकाउंट भारत में उपलब्ध नहीं है। उन्होंने कहा कि कंपनी का कोई अधिकारी यह बताने को तैयार नहीं है कि प्रतिबंध किस कारण लगाया गया और इसे हटाने की प्रक्रिया क्या है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस संबंध में भेजे गए सभी ईमेल का जवाब केवल औपचारिक स्वीकारोक्ति तक सीमित रहा।
PM मोदी पर भी साधा निशाना
केजरीवाल ने अपने पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधते हुए लिखा, ‘हमारे प्रधानमंत्री के आगे इतना भी मत झुको, वरना एक दिन वह तुम्हें भारत में सिर्फ उनका ही अकाउंट चलाने की अनुमति देंगे।’ उन्होंने मेटा की सेवाओं को ‘बेहद खराब’ बताते हुए कंपनी से पारदर्शिता बरतने की मांग की।
E20 पेट्रोल नीति पर भी सरकार को घेरा
इससे पहले अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार की E20 (20% एथेनॉल मिश्रित) पेट्रोल नीति को लेकर भी बीजेपी पर हमला बोला था। उन्होंने एक्स पर ‘बीजेपी भगाओ, गाड़ी बचाओ’ का नारा देते हुए आरोप लगाया कि E20 पेट्रोल से वाहनों का माइलेज कम हो रहा है और इंजन पर बुरा असर पड़ रहा है।










































