‘आपका ऐतिहासिक प्रदर्शन पैरा एथलेटिक्स के लिए बड़ी उपलब्धि’, राष्ट्रपति ने दी दिलीप-बासिल और श्रीशंकर को बधाई

0

नई दिल्ली: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का सातवां दिन भारत के लिए शानदार रहा। बुधवार को मुरली श्रीशंकर ने पुरुषों की लंबी कूद में देश को सिल्वर मेडल दिलाया। वहीं, पैरा एथलीट की 100 मीटर टी47 स्पर्धा में दिलीप महादु गावित ने गोल्ड मेडल जीता, जबकि मोहम्मद बासिल ने सिल्वर पर कब्जा जमाया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने इन तीनों ही खिलाड़ियों को मेडल जीतने पर बधाई दी है।

राष्ट्रपति ने दी बधाई

राष्ट्रपति ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “भारतीय पैरा एथलेटिक्स ने खेल में बेहतरीन प्रदर्शन का एक यादगार अध्याय लिखा है। ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में पुरुषों के 100 मीटर टी47 इवेंट में गोल्ड मेडल जीतने पर दिलीप महादु गावित और सिल्वर मेडल जीतने पर मोहम्मद बेसिल मोरसिंगनाकाथी को हार्दिक बधाई। आपका ऐतिहासिक प्रदर्शन भारतीय पैरा एथलेटिक्स के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। आप अपने असाधारण पक्के इरादे और बेहतरीन प्रदर्शन से देश को प्रेरित करते रहें।”

राष्ट्रपति ने की श्रीशंकर की प्रशंसा

वहीं, राष्ट्रपति ने श्रीशंकर की प्रशंसा करते हुए लिखा, “ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में पुरुषों की लॉन्ग जंप में सिल्वर मेडल जीतने पर मुरली श्रीशंकर को बहुत-बहुत बधाई। लगातार कॉमनवेल्थ सिल्वर मेडल जीतना एक बड़ी कामयाबी है जिससे पूरे देश को आप पर गर्व है। आपको लगातार सफलता और आगे एक शानदार करियर की शुभकामनाएं।”

मनसुख मांडविया ने लिखा; बहुत बढ़िया, चैंपियंस

खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने भी अपने ‘एक्स’ पर तीनों ही खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने लिखा, “भारत के लिए ऐतिहासिक डबल पोडियम। पुरुष पैरा 100 मीटर टी47 में गेम्स रिकॉर्ड (10.71 सेकंड) के साथ गोल्ड जीतने के लिए दिलीप महादु गावित को और सिल्वर (10.83 सेकंड) जीतने के लिए मोहम्मद बेसिल को बहुत-बहुत बधाई। सीडब्ल्यूजी एथलेटिक्स गोल्ड जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष पैरा एथलीट के तौर पर दिलीप का इतिहास लिखना इसे और भी खास बनाता है। बहुत बढ़िया, चैंपियंस।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here