पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। रामपायली थाना अंतर्गत ग्राम गर्रा के वार्ड नंबर ४ गर्राटोला में गुरुवार की सुबह एक भीषण अग्निकांड हुआ। यहाँ रहने वाले किसान प्रहलाद बिसेन अपने परिवार के साथ ग्राम सालेटेका में एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने गए थे तभी पीछे से उनके आशियाने में आग लग गई। इस घटना में किसान की पूरी गृहस्थी जलकर खाक हो गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रहलाद बिसेन अपनी पत्नी और माताजी को छोडक़र परिवार के अन्य सदस्यों के साथ शादी समारोह में गए थे। सुबह करीब ९.३० बजे अचानक मकान से आग की लपटें उठने लगीं। घर पर मौजूद महिलाओं के शोर मचाने पर ग्रामीण दौडक़र आए और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। सूचना मिलने पर नगर पालिका परिषद वारासिवनी से दमकल वाहन मौके पर पहुँचा और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। भले ही आग बुझ गई लेकिन तब तक प्रहलाद बिसेन का सब कुछ लुट चुका था। घर में रखा साल भर का राशन १२कट्टी धान, ४ कट्टी चावल, ३ कट्टी गेहूं, ३ कट्टी महुआ, २ कट्टी लखोड़ी, नगदी रूपये, कपड़े और खेती के उपकरण जलकर राख हो गए। किसान के पास खुद की जमीन नहीं है वह अधिया और ठेके पर जमीन लेकर खेती करता है। परिवार के सामने आए इस संकट को देख पड़ोसियों ने अनाज जमा कर पीडि़त परिवार को दिया है। इस आगजनी में पीडि़त परिवार को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है तो वहीं परिवार के सामने कई प्रकार की समस्या भी खड़ी हो गई है । ऐसे में पीडित परिवार के द्वारा शासन से उचित मुआवजा दिये जाने की मांग की गई है।










































