गड्ढों और धूल से बेहाल मार्ग, भारी वाहनों से दुर्घटना का खतरा, जागरूक नागरिकों ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर मरम्मत की करी मांग ,
देवटोला से टेकाड़ी तक जर्जर हो चुकी सड़क को लेकर क्षेत्र के जागरूक नागरिकों ने अब प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया है। सड़क की बदहाल स्थिति और लगातार बढ़ रहे दुर्घटना के खतरे को देखते हुए नागरिकों ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर नवरात्रि पर्व से पहले मार्ग को सुरक्षित और आवागमन योग्य बनाने की मांग की है। नागरिकों का कहना है कि लंबे समय से सड़क की स्थिति खराब होने के बावजूद जिम्मेदारों द्वारा इस ओर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है, जिसके चलते आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बताया गया कि देवटोला से आवलाझरी, कटिंगटोला, सिवनी कैंप, भरवेली बाजार, भरवेली मॉयल चौक, भरवेली मुण्डिमाई, हीरापुर, मानेगांव और पायली होते हुए टेकाड़ी तक जाने वाला यह मार्ग वर्तमान में जगह-जगह गड्ढों से बदहाल है। सड़क पर वाहनों के गुजरने से धूल उड़ने की समस्या भी बनी हुई है। वहीं मार्ग से भारी वाहनों की आवाजाही के कारण दुर्घटना की आशंका और बढ़ गई है। सड़क की खराब स्थिति का असर प्रतिदिन इस मार्ग से गुजरने वाले ग्रामीणों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों, किसानों और अन्य नागरिकों पर पड़ रहा है। भरवेली निवासी गौरव पटले ने बताया कि इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। सड़क पर मौजूद गड्ढों और खराब स्थिति के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी होती है और छोटी-बड़ी दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। उन्होंने कहा कि नवरात्रि पर्व के दौरान माता ज्वाला देवी मंदिर सहित क्षेत्र के अन्य धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही काफी बढ़ जाती है। ऐसे में यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो पर्व के दौरान यह मार्ग दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बन सकता है। नागरिकों ने स्पष्ट किया कि वे विकास कार्यों के विरोधी नहीं हैं, बल्कि सुरक्षित आवागमन और दुर्घटनाओं की रोकथाम की मांग कर रहे हैं। ज्ञापन के माध्यम से नागरिकों ने देवटोला-टेकाड़ी मार्ग का तत्काल स्थल निरीक्षण कराने, नवरात्रि से पहले गड्ढों और जर्जर हिस्सों की मरम्मत कराने, धूल नियंत्रण की व्यवस्था करने तथा भारी वाहनों की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाने की मांग की है। इसके अलावा मार्ग पर दुर्घटना रोकने के लिए संकेतक और अन्य सुरक्षा व्यवस्था करने तथा भविष्य की समस्या से बचने के लिए सड़क का गुणवत्तापूर्ण एवं स्थायी सुधार कराने की मांग भी रखी गई है। नागरिकों ने कलेक्टर से जनहित और सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए समय रहते कार्रवाई की मांग की है, ताकि नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं सहित आम नागरिकों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।










































