घर या Mutual Fund बेचकर मिला पैसा? Tax बचाने के लिए यहां करें Reinvest

0

घर, जमीन, शेयर या म्यूचुअल फंड बेचने पर हुए मुनाफे पर कैपिटल गेन टैक्स लग सकता है। हालांकि, इनकम टैक्स कानून में कुछ निवेश विकल्प दिए गए हैं, जहां तय समय में पैसा लगाकर टैक्स छूट का लाभ लिया जा सकता है।अगर आपने घर, जमीन, शेयर, म्यूचुअल फंड या कोई दूसरी पूंजीगत संपत्ति बेची है, तो उससे हुए मुनाफे पर कैपिटल गेन टैक्स लग सकता है। हालांकि, इनकम टैक्स कानून में कुछ ऐसे प्रावधान हैं, जिनके तहत बिक्री से मिले मुनाफे या रकम को तय समय के भीतर कुछ खास जगहों पर दोबारा निवेश करने पर टैक्स में छूट मिल सकती है। अलग-अलग संपत्तियों के लिए नियम और निवेश की समय सीमा अलग है।

घर बेचकर दूसरा घर खरीदें

अगर आपने कोई आवासीय घर बेचा है और उससे लंबी अवधि का पूंजीगत लाभ हुआ है, तो धारा 54 के तहत दूसरा आवासीय घर खरीदकर टैक्स छूट का लाभ लिया जा सकता है। नया घर बिक्री से एक साल पहले या बिक्री के दो साल के भीतर खरीदा जा सकता है। अगर घर बनवाना है तो इसके लिए तीन साल तक का समय मिलता है। इस छूट की गणना निवेश की रकम और पूंजीगत लाभ के आधार पर होती है, साथ ही अधिकतम ₹10 करोड़ की सीमा लागू है।

कृषि भूमि बेचकर दूसरी कृषि भूमि खरीदें

अगर आपने कृषि भूमि बेची है और वह बिक्री से पहले कम से कम दो साल तक कृषि कार्य के लिए इस्तेमाल हो रही थी, तो धारा 54B के तहत दूसरी कृषि भूमि खरीदने पर छूट मिल सकती है। नई कृषि भूमि बिक्री के दो साल के भीतर खरीदनी होती है। यह सुविधा व्यक्ति और हिंदू अविभाजित परिवार यानी एचयूएफ के लिए उपलब्ध है, बशर्ते तय शर्तें पूरी हों।जमीन या भवन बेचकर बॉन्ड में निवेश

लंबी अवधि की जमीन या भवन बेचने पर धारा 54EC के तहत कुछ विशेष बॉन्ड में निवेश करके कैपिटल गेन टैक्स से छूट ली जा सकती है। इसमें राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, ग्रामीण विद्युतीकरण निगम और सरकार द्वारा अधिसूचित दूसरे बॉन्ड शामिल हो सकते हैं। निवेश बिक्री के छह महीने के भीतर करना होता है और इस छूट की अधिकतम सीमा ₹50 लाख है। इन बॉन्ड पर लागू लॉक-इन की शर्तों का भी ध्यान रखना पड़ता है।

शेयर या Mutual Fund बेचकर घर खरीदें

अगर आपने लंबी अवधि के शेयर या म्यूचुअल फंड बेचे हैं, तो धारा 54F के तहत एक आवासीय घर में निवेश करके टैक्स छूट का लाभ मिल सकता है। इसमें केवल मुनाफे की रकम ही नहीं, बल्कि बिक्री से मिली शुद्ध रकम को ध्यान में रखा जाता है और छूट निवेश की अनुपातिक रकम के आधार पर तय होती है। नया घर बिक्री से एक साल पहले या दो साल बाद तक खरीदा जा सकता है। घर का निर्माण करने पर तीन साल की समय सीमा मिलती है।

इस प्रावधान में कुछ महत्वपूर्ण शर्तें भी हैं। उदाहरण के लिए, संपत्ति बेचने के समय व्यक्ति के पास नए घर के अलावा एक से ज्यादा अन्य आवासीय घर नहीं होना चाहिए। इसलिए शेयर या म्यूचुअल फंड बेचने के बाद केवल घर खरीद लेना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि धारा 54F की सभी शर्तों को पूरा करना जरूरी है।

उद्योग से जुड़ी संपत्ति के लिए भी प्रावधान

औद्योगिक कारोबार से जुड़ी जमीन, भवन या दूसरी संपत्तियों के लिए भी अलग-अलग कर छूट के प्रावधान हैं। अगर किसी औद्योगिक इकाई की संपत्ति अनिवार्य अधिग्रहण में चली जाती है, तो धारा 54D के तहत दूसरी जमीन या भवन खरीदने या निर्माण करने पर छूट मिल सकती है। इसके लिए सामान्य तौर पर तीन साल की समय सीमा दी जाती है।

इसी तरह, अगर किसी औद्योगिक इकाई को शहरी क्षेत्र से दूसरी जगह या विशेष आर्थिक क्षेत्र यानी एसईजेड में स्थानांतरित किया जाता है, तो धारा 54G और 54GA के तहत कुछ शर्तों के साथ कर छूट का प्रावधान है। इसमें नई मशीनरी, जमीन, भवन और स्थानांतरण से जुड़े कुछ योग्य खर्च शामिल हो सकते हैं।

स्टार्टअप में निवेश का भी विकल्प

लंबी अवधि की पूंजीगत संपत्ति बेचने पर कुछ मामलों में धारा 54EE के तहत सरकार द्वारा तय विशेष संपत्तियों में निवेश का विकल्प भी मिलता है। यह निवेश आमतौर पर बिक्री के छह महीने के भीतर करना होता है और छूट की अधिकतम सीमा ₹50 लाख है। वहीं धारा 54GB के तहत कुछ शर्तों के साथ आवासीय संपत्ति बेचकर किसी योग्य कंपनी या स्टार्टअप के इक्विटी शेयरों में निवेश करने पर भी छूट मिल सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here