बालाघाट
ग्रामीण थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम टेकाड़ी में सोमवार सुबह एक हादसा हो गया। टीवी चालू करने के दौरान 5 वर्षीय मासूम बच्ची विद्युत करंट की चपेट में आकर झुलस गई। बच्ची को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल बालाघाट में भर्ती कराया गया है। जहां उसका इलाज जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम टेकाड़ी निवासी योगेश पिछोड़े खेती किसानी का कार्य करते हैं। उनके परिवार में पत्नी सिंधु पिछोड़े तथा दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी परिधि 8 वर्ष और छोटी बेटी त्रिशा 5 वर्ष है।
बताया गया कि 8 जून की सुबह करीब 9 बजे परिवार के सदस्य घरेलू कार्यों में व्यस्त थे। इसी दौरान छोटी बेटी त्रिशा टीवी चालू करने घर में बंद पड़े कुलर के ऊपर चढ़कर स्विच बटन दबाने लगी। तभी अचानक कूलर में विद्युत प्रवाह आने से वह करंट की चपेट में आ गई। करंट लगने से उसके दाहिने पैर में गंभीर झटका लगा और वह नीचे गिरकर रोने लगी।
बच्ची की आवाज सुनते ही उसकी मां सिंधु दौड़कर मौके पर पहुंचीं। वहीं सूचना मिलने पर पिता योगेश पिछोड़े भी तत्काल घर पहुंचे। परिजनों ने पहले समनापुर में बच्ची का प्राथमिक उपचार कराया। जिसके बाद बेहतर इलाज के लिए उसे जिला अस्पताल बालाघाट लाकर भर्ती कराया गया।










































