धूँ धूँ कर जला दशानन, धूमधाम से मनाया गया दशहरा पर्व

0

​अमोली में 51 फीट रावण के पुतले का हुआ दहन, आरती के बाद प्रसादी का हुआ वितरण

​भगवानों की जीवंत झांकियां एवं दशहरा चल समारोह रहा आकर्षण का केंद्र

​पद्मेश न्यूज | लालबर्रा/ अधर्म पर धर्म की जीत, अन्याय पर न्याय की विजय एवं बुराई पर अच्छाई की जय-जयकार—इसी कामना को लेकर विजयादशमी पर्व पर 20 अक्टूबर को नगर मुख्यालय सहित आसपास के ग्रामों में सार्वजनिक दुर्गा उत्सव समितियों द्वारा देर शाम अपने-अपने ग्रामों में विजयादशमी पर्व धूमधाम से मनाया गया। इसी क्रम में नगर मुख्यालय से सटी ग्राम पंचायत अमोली की सार्वजनिक नवदुर्गा उत्सव समिति के तत्वावधान में 20 अक्टूबर को रात 9 बजे दशानन रावण के पुतले का दहन कर असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक विजयादशमी पर्व भक्तिभाव एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।

जीवंत झाँकिया रही आकर्षण का केंद्र

​इस दशहरा पर्व के अवसर पर अमोली स्थित हनुमान मंदिर चौक से शाम 6 बजे बैंड-बाजे, डीजे की धुन और भगवानों की जीवंत झांकियों व आतिशबाजी के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसमें भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, माता सीता, भगवान हनुमान सहित अन्य देवी-देवताओं एवं राक्षसों की जीवंत झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं।
​शोभायात्रा में युवाओं और युवतियों द्वारा जमकर नृत्य भी किया गया। वहीं दशहरा चल समारोह में निकाली गई शोभायात्रा में रथ में भगवान श्रीराम, लक्ष्मण एवं माता सीता को विराजमान किया गया था। साथ ही अन्य जीवंत झांकियों के लिए बैलगाड़ी को रथों की तरह सजाया गया था/ जिसमें वीणा वादिनी मां सरस्वती एवं अन्य देवी-देवताओं को विराजमान कराया गया। ​यह शोभायात्रा ग्राम अमोली और लालबर्रा के विभिन्न चौक-चौराहों का भ्रमण करते हुए जय श्रीराम के नारों के साथ दशहरा मैदान पहुंची। मैदान में भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी की पूजा-अर्चना की गई। ​तत्पश्चात भगवान श्रीराम बने युवक द्वारा तीर मारकर अहंकारी 51 फीट रावण के पुतले का दहन किया गया और दशानन धूं-धूं कर जल उठा। इसके साक्षी उपस्थित विशाल जनसमुदाय बना। वहीं
​दशहरा पर्व के बाद सभी श्रद्धालुजन मां दुर्गा प्रतिमा स्थल पहुंचे, जहां मां जगदम्बे की महाआरती कर प्रसादी का वितरण किया गया। इस प्रकार यह दशहरा चल समारोह एवं भगवानों की जीवंत झांकियां पूरे क्षेत्र में विशेष आकर्षण का केंद्र बनी रहीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here