पुलिसकर्मी पर हमला करने वाले आरोपी गिरफ्तार

0

पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। लालबर्रा थाना क्षेत्र के ग्राम कामथी में मंगलवार शाम पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने वाले रेत माफिया के खिलाफ पुलिस प्रशासन ने बेहद सख्त और त्वरित कार्यवाही की है। कर्तव्य पर तैनात प्रधान आरक्षक राजेश्वर राहंगडाले पर ट्रैक्टर चढ़ाकर फरार होने की कोशिश कर रहे मुख्य आरोपी चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं दो अन्य लोगों को भी अभिरक्षा में लेकर पुछताछ कर रही है। पुलिस आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्यवाही कर रही है।

चालक ने पुलिसकर्मी पर चढ़ाया टैक्टर

प्राप्त जानकारी के मंगलवार शाम लालबर्रा थाने में पदस्थ आरक्षक सुशील विश्वकर्मा और प्रधान आरक्षक राजेश्वर रहांगडाले को कामथी क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन की मुखबिर से सूचना मिली थी। जब पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर अवैध रेत से लदे ट्रैक्टर को रोका और साक्ष्य के तौर पर वीडियो बनाना शुरू किया। तभी पकड़े जाने के डर से आक्रोशित ट्रैक्टर चालक ने दुस्साहस दिखाते हुए प्रधान आरक्षक राजेश्वर पर सीधे ट्रैक्टर चढ़ा दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया एवं आरक्षक सुशील को मामूली चोटे आने की जानकारी सामने आई है जो बाल-बाल बच गया। वहीं पुलिसकर्मी पर रेत माफिया के द्वारा हत्या करने के प्रयास से ट्रैक्टर चढ़ा देने की जानकारी पुलिस के अधिकारियों को लगी तो पुलिसकर्मी घटना स्थल पर पहुंचे और इस जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल हुए प्रधान आरक्षक राजेश्वर राहंगडाले को जिला चिकित्सालय में भर्ती किया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हे गोंदिया रिफर किया था किन्तु वह उनकी स्थिति नाजुक होने के कारण उन्हे नागपुर (महाराष्ट्र) रिफर कर दिया है, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में उनका उपचार जारी है। पुलिस के आला अधिकारी लगातार उनके स्वास्थ्य अपडेट पर नजर बनाये हुए हैं।

पुलिस महकमा हुआ सख्त

मंगलवार देर शाम हुई इस दुस्साहसिक वारदात को पुलिस प्रशासन ने अत्यंत गंभीरता से लिया। घटना की जानकारी मिलते ही जबलपुर रेंज के आईजी ललित शाक्यवार और बालाघाट एसपी आदित्य मिश्रा रात में ही मोर्चा संभालते हुए जिला अस्पताल पहुंचे। आईजी और एसपी के कड़े निर्देश पर पुलिस की विशेष टीमों ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए कामथी और आसपास के इलाकों में रात भर ताबड़तोड़ दबिश दी। पुलिस के इस कड़े रूख के आगे घुटने टेकते हुए मुख्य आरोपी आकाश टेकाम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही अन्य दो लोगों को भी अभिरक्षा में ले लिया गया है। जिनसे पुछताछ की जा रही है। पुलिस अब इस अवैध कारोबार के पीछे जुड़े अन्य चेहरों की तलाश में जुट गई है।

दूरभाष पर चर्चा में थाना प्रभारी सुनिल चतुर्वेदी ने बताया कि मंगलवार की शाम में दो पुलिसकर्मी ग्राम कामथी गये हुए थे तभी ट्रैक्टर में रेत भर कर ला रहे चालक ने प्रधानआरक्षक पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया है जिसका नागपुर में उपचार जारी है। वहीं घटना के बाद ट्रैक्टर चालक आकाश टेकाम को गिरफ्तार कर लिया गया है एवं अन्य दो लोगों को भी अभिरक्षा में लेकर पुछताछ की जा रही है। साथ ही यह भी बताया कि आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला पंजीबध्द कर जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here