नई दिल्ली: पाकिस्तान ने आगामी एशियन गेम्स 2026 के लिए अपनी 15-सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। इस बार सेलेक्टर्स ने भविष्य को ध्यान में रखते हुए टीम में युवाओं पर बड़ा दांव खेला है। एशियन गेम्स में हिस्सा लेने जा रही पाकिस्तानी टीम में कई नए और अनकैप्ड चेहरों को शामिल किया गया है जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी छाप छोड़ने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
नए खिलाड़ियों से सजी है टीम
इस 15 सदस्यीय दल में आकिफ जावेद, अली रजा, माज सदाकत और साद मसूद जैसे अनकैप्ड खिलाड़ियों को जगह मिली है। ये चारों युवा खिलाड़ी इस बड़े टूर्नामेंट के दौरान पाकिस्तान के लिए अपना टी20 इंटरनेशनल डेब्यू करने की रेस में सबसे आगे चल रहे हैं। घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले इन युवाओं के पास खुद को साबित करने का यह एक सुनहरा मौका होगा।साहिबजादा फरहान को बनाया कप्तान
अनुभवी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान को इस 10 टीमों वाले टूर्नामेंट के लिए पाकिस्तान का कप्तान नियुक्त किया गया है, जबकि दाएं हाथ के आक्रामक बल्लेबाज अब्दुल समद को उप-कप्तान की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन दोनों सीनियर खिलाड़ियों पर युवाओं से सजी इस टीम का मार्गदर्शन करने और खिताबी सफर तय करने की एक बड़ी जिम्मेदारी होगी।
24 सितंबर से खेला जाएगा टूर्नामेंट
एशियन गेम्स 2026 में पुरुष क्रिकेट स्पर्धा का आयोजन पूरी तरह से टी20 फॉर्मेट में किया जाएगा। यह हाई-प्रोफाइल टूर्नामेंट इस साल 24 सितंबर से शुरू होकर 3 अक्टूबर तक खेला जाएगा। गोल्ड मेडल जीतने के लिए इस प्रतियोगिता में कुल 10 टीमें आपस में भिड़ती हुई नजर आने वाली हैं जिससे क्रिकेट फैंस को कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।










































