बालाघाट के कराते खिलाड़ी शुशांक पारधी को मिला महाकौशल खेल रत्न अवार्ड

0

राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में जीत चुके हैं कई पदक
फोटो
पदमेश न्यूज़।बालाघाट। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 29 अगस्त को जबलपुर के मानस भवन में महाकौशल क्रीड़ा परिषद द्वारा अलंकरण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में बालाघाट जिले के प्रतिभाशाली कराते खिलाड़ी शुशांक पारधी को उनके खेल क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए महाकौशल खेल रत्न अवार्ड से सम्मानित किया गया।बताया गया कि महाकौशल क्रीड़ा परिषद द्वारा हर वर्ष विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाता है। इसी क्रम में इस वर्ष बालाघाट के कराते खिलाड़ी शुशांक पारधी का चयन खेल रत्न सम्मान के लिए किया गया।शुशांक ने सब-जूनियर वर्ग में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की कराते प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने वर्ष 2022 से 2026 के बीच विभिन्न प्रतियोगिताओं में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीते हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उन्होंने रजत और कांस्य पदक हासिल किए हैं। उनके लगातार बेहतर प्रदर्शन के चलते बालाघाट जिले का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन हुआ है।बालाघाट के खिलाड़ी को महाकौशल खेल रत्न अवार्ड मिलने को जिले के खेल जगत के लिए गौरव की उपलब्धि माना जा रहा है

27 खेल प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
जबलपुर के मानस भवन में शाम 7 बजे से आयोजित समारोह में विभिन्न खेलों से जुड़ी 27 खेल प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान संध्या अग्रवाल, मिस्टर वर्ल्ड बॉडीबिल्डिंग प्रेमचंद ढींगरा, स्ट्रांग मैन ऑफ इंडिया एवं पावरलिफ्टर अमनप्रीत तथा इंडियन आइडल के फर्स्ट रनर-अप तनिष्क शुक्ला सहित खेल एवं अन्य क्षेत्रों से जुड़े अतिथि मौजूद रहे।महाकौशल क्रीड़ा परिषद के संस्थापक प्रशांत मिश्रा सहित संस्था के पदाधिकारियों और खेल प्रेमियों ने शुशांक पारधी को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

खेल प्रशिक्षकों ने बढ़ाया उत्साह
सम्मान समारोह में शुशांक पारधी के साथ उनके कराते प्रशिक्षक संतोष पारधी और ब्लॉक युवा समन्वयक, कटंगी खेल विभाग से जुड़े पदाधिकारी भी मौजूद रहे। उन्होंने खिलाड़ी का उत्साहवर्धन किया।शुशांक को मिले इस सम्मान पर जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग के जिला खेल अधिकारी राहुल बारेसा, कराते स्पोर्ट्स प्रशिक्षण एवं एजुकेशन एसोसिएशन के मुख्य प्रशिक्षक एवं सचिव संतोष पारधी, संरक्षक अनिल धुवारे, अध्यक्ष किरण त्रिवेदी, उपाध्यक्ष रविंद्र भाटिया, कोषाध्यक्ष सरिता सोनेकर, सह सचिव चंद्रकांत पिपलेवार सहित संस्था के पदाधिकारियों और खेल प्रशिक्षकों ने बधाई दी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here