भारतीय सेना प्रमुख को नेपाली राष्ट्रपति देंगे मानद रैंक, काठमांडू में होगा बड़ा सम्मान, 76 साल पुरानी है परंपरा

0

काठमांडू: भारतीय सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ इस महीने नेपाल के दौरे पर जा रहे हैं। वह 16 अगस्त को पांच दिन की आधिकारिक यात्रा पर काठमांडू पहुंचेंगे। जनरल धीरज सेठ ने 30 जून को भारतीय सेना के 31वें प्रमुख के तौर पर पद संभाला था। वह नेपाली सेना के जनरल का मानद पद प्राप्त करने के लिए सेना प्रमुख जनरल अशोक सिगदेल के निमंत्रण पर नेपाल का दौरा कर रहे हैं। काठमांडू में उनको यह सम्मान दिया जाएगा।

काठमांडू पोस्ट के मुताबिक, नेपाल और भारत के बीच एक-दूसरे के सेना प्रमुखों को जनरल का मानद पद देने की सात दशक से ज्यादा पुरानी परंपरा है। दोनों सेनाओं के बीच करीब 76 साल से चली आ रही इस परंपरा के अनुसार नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल आर्मी चीफ धीरज सेठ को नेपाली सेना के जनरल का मानद पद प्रदान करेंगे।

नेपाल आर्मी ने क्या कहा

नेपाल सेना के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल राजाराम बस्नेत ने बताया है कि जब भी किसी देश में नया सेना प्रमुख पद संभालता है तो उच्च-स्तरीय यात्राओं के आदान-प्रदान की परंपरा होती है। इसके दौरान दोनों प्रमुखों को जनरल का मानद पद दिया जाता है। एक बार यात्रा की आधिकारिक पुष्टि हो जाने के बाद हम यात्रा कार्यक्रम सार्वजनिक कर देंगे।’

नेपाल आर्मी चीफ सिगदेल को दिसंबर 2024 में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भारतीय सेना के जनरल का मानद पद प्रदान किया था। 27 मार्च को बालेन शाह सरकार के गठन के बाद नेपाल का दौरा करने वाले जनरल सेठ पहले वरिष्ठ भारतीय अधिकारी होंगे। विदेश सचिव विक्रम मिस्री का काठमांडू दौरा तय हुआ था लेकिन कुछ कारणों से यात्रा टाल दी गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here