वारासिवनी। वारासिवनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम मेहंदीवाड़ा के खापा मार्ग पर स्थित लक्ष्मी राइस मिल में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। मिल में काम करने के दौरान अचानक हुए शॉर्ट सर्किट के कारण एक कर्मचारी करेंट और आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। घायल कर्मचारी को तत्काल स्थानीय सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसका उपचार जारी है।
मशीन का जाम खोलने गया था कर्मचारी
प्राप्त जानकारी के अनुसार खापा निवासी चेतराम चौहान ४९ वर्ष पिछले लंबे समय से इस राइस मिल में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत हैं। रोज की तरह शुक्रवार सुबह करीब १० बजे वे मिल में अपनी ड्यूटी पर पहुंचे थे। काम शुरू करने के लिए जब उन्होंने मिल की मशीनें चालू कीं तो पाया कि मैदा फेंकने वाली मशीन यानि साइक्लोन जाम थी। चेतराम जैसे ही उस मशीन की खराबी को दूर करने और उसे खोलने के लिए पास पहुंचे तभी अचानक वहां जोरदार शॉर्ट सर्किट हो गया। शॉर्ट सर्किट के कारण तेज करेंट फैला और वहां आग लग गई। इस अप्रत्याशित हादसे में चेतराम चौहान बुरी तरह झुलस गए।
मजदूरों और संचालक ने दिखाया तत्परता
घटना के वक्त मिल में काम कर रहे अन्य मजदूरों और मिल संचालक को जैसे ही हादसे की भनक लगी वे तुरंत मौके की ओर दौड़े। उन्होंने मुस्तैदी दिखाते हुए झुलस रहे चेतराम को सुरक्षित बाहर निकाला और मिल के कार्यालय ऑफिस में बैठाया। इसके बाद तत्काल घटना की सूचना घायल के परिजनों को दी गई। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल चेतराम को तुरंत वारासिवनी के सिविल अस्पताल लेकर आए । जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज किया जा रहा है। इस दर्दनाक हादसे में पीडि़़त के हाथ पैर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं और वे काफी झुलस गए हैं। फिलहाल अस्पताल में उनका उपचार जारी है।
राइस मिल वालों ने मुझे ऑफि स में बैठल दिया कहा कि सब ठीक हो जाएगा-चैतराम चौहान
घायल चैतराम चौहान ने बताया की मैं खापा रहता हूं लक्ष्मी राइस मिल में काम करता हूँ। कल मैं राइस मिल नहीं गया था तो मुझे जानकारी नहीं थी आज गया राइस मिल तो चालू करने के दौरान मैदा साइक्लोन जाम समझ आया। जिसे सुधारने के लिए उसके पास गया तो उसे खोलते समय अचानक शार्ट सर्किट हो गया मैदे का जो तेल वहां रहता है उसमें आग भडक़ने से मैं झुलस गया। अचानक यह घटना हुई जिससे आग लग गई यदि समय रहते में बाहर नहीं निकलता तो मैं जल जाता अस्पताल मुझे मेरा भतीजा लेकर आया हैं। राइस मिल वालों ने तो मुझे ऑफि स में बैठल दिया था कहा कि दो.चार घंटे बैठ सब ठीक हो जाएगा मेरे चेहरे हाथ पैर सहित विभिन्न स्थानों पर चोट आई है।
इनका कहना हैं
दूरभाष पर बताया की घायल चैतराम हमारे घर के सदस्य के जैसा हैं। घटना की तत्परता देखते हुए हमारे द्वारा उसे मौके से हटाया गया । उसे उपचार के लिए डॉक्टर चौधरी के अस्पताल में जाने के लिए कहा गया था कि हम उसका अच्छा उपचार कर सके। परंतु उसके परिजनों के द्वारा सरकारी अस्पताल ले जाया गया है जहां मेरे भतीजे के द्वारा घायल से मुलाकात भी की गई है। हमारे द्वारा उसका बेहतर उपचार करने का प्रयास किया जा रहा है।










































