बीजिंग: चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग 8 और 9 जून को उत्तर कोरिया के दौरे पर रहेंगे। जिनपिंग के दौरे और प्योंगयांग में उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन से उनकी मुलाकात पर दुनिया की नजर है। दोनों नेता बीते साल ही बीजिंग में मिले थे, जब चीनी मिलिट्री ने बड़ी परेड आयोजित की थी। इस बार खास बात शी का उत्तर कोरिया जाना है क्योंकि हालिया वर्षों में शी ने अपनी विदेश यात्राएं काफी कम कर दी हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी नेता व्लादिमीर पुतिन उनसे मिलने बीजिंग आए हैं लेकिन 2019 के बाद एक बार फिर चीनी प्रेसिडेंट प्योंगयांग जा रहे हैं।
अल जजीरा के मुताबिक, क्राइसिस ग्रुप में पूर्वोत्तर एशिया के सीनियर एनालिस्ट विलियम यांग ने कहा कि जिनपिंग ने ज्यादा विदेश यात्राएं नहीं की हैं। यह चलन बन गया है कि विदेशी नेता उनसे मिलने बीजिंग आते हैं। ऐसे में शी जिनपिंग का प्योंगयांग जाना दिखाता है कि चीन इस यात्रा को कितनी अहमियत देता है। एशिया सोसाइटी के अनुसार, 2013 और 2019 के बीच शी ने हर साल औसतन 14 यात्राएं कीं लेकिन 2022 से 2025 के बीच यह संख्या घटकर छह प्रति वर्ष रह गई।










































