सीनियर बालिका छात्रावास में सांस्कृतिक एवं अन्य कार्यक्रमों का हुआ आयोजन
पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। नगर मुख्यालय की ग्राम पंचायत पांढरवानी के आमाटोला स्थित सीनियर बालिका छात्रावास में १ नवंबर को
मध्यप्रदेश स्थापना दिवस अत्यंत हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। यह गरिमामयी आयोजन बालक एवं बालिका छात्रावास के संयुक्त तत्वाधान में संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम पांढरवानी सरपंच अनीस खान, पनबिहरी सरपंच वीरेन्द्र बनवाले के मुख्य आतिथ्य, सीनियर बालिका छात्रावास की अधीक्षिका श्रीमती ठौकर, श्रीमती पंचेश्वर, बालक छात्रावास के अधीक्षक टीसी टांडेकर की अध्यक्षता एवं अभिभावकों के विशेष आतिथ्य में प्रारंभ हुआ। जिसमें सर्वप्रथम उपस्थितजनों ने माँ सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर माल्यार्पण किया। इस स्थापना दिवस के अवसर पर छात्रावास के छात्र-छात्राओं ने गीत, भाषण और नृत्य की एक से बढक़र एक शानदार प्रस्तुतियां देकर उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया। बच्चों ने अपनी कला के माध्यम से मध्यप्रदेश की गौरवशाली संस्कृति और कला का जीवंत प्रदर्शन किया। इसके साथ ही छात्र-छात्राओं ने मध्यप्रदेश की गौरवशाली विरासत पर ओजस्वी भाषण दिये जिसमें राज्य के गठन से लेकर वर्तमान तक हुए विभिन्न विकास कार्यों और उपलब्धियों का सुंदर उल्लेख किया गया। जिसके बाद अतिथियों द्वारा गीत, भाषण और नृत्य प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार वितरित कर सम्मानित किया गया। वहीं कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पांढरवानी सरपंच अनीस खान, पनबिहरी वीरेन्द्र बनवाले ने कहा कि मध्यप्रदेश का यह स्थापना दिवस केवल एक उत्सव नहीं है, बल्कि यह हमारे राज्य की समृध्द संस्कृति, ऐतिहासिक धरोहर और निरंतर हो रहे विकास का प्रतीक है। आज के युवा और छात्र-छात्राएं ही इस प्रदेश का भविष्य हैं, जो अपनी मेहनत और प्रतिभा से आने वाले समय में मध्यप्रदेश का नाम देश और दुनिया में रोशन करेंगे। आगे अतिथियों ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत किये गये सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में अपने राज्य के प्रति प्रेम, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है।










































