जिला स्तरीय रंगोली प्रतियोगिता में ७९ प्रतिभागियोंं ने दिखाई प्रतिभा

0

१५ नवंबर को होगा पुरस्कार वितरण

पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। कृषि उपज मंडी परिसर में संस्कार भारती के तत्वावधान में १ नवंबर को जिला स्तरीय रंगोली प्रतियोगिता २०२६ का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में नगर सहित आसपास के क्षेत्रों के कुल ७९ प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने निर्धारित विषयों पर अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए आकर्षक एवं संदेशपरक रंगोलियां उकेरीं। प्रतियोगिता को दो श्रेणियों में आयोजित किया गया । श्रेणी क में कक्षा ८ वीं से १२ वीं तक के छात्र छात्राओं ने भाग लिया जिसमें कुल ६१ प्रतिभागी शामिल हुए। वहीं श्रेणी ख में महाविद्यालयीन छात्र छात्राओं एवं अन्य नागरिकों के लिए आयोजित प्रतियोगिता में १८ प्रतिभागियों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई। सभी प्रतिभागियों को अपनी रंगोली के माध्यम से निर्धारित विषयों को कलात्मक रूप में प्रस्तुत करने का अवसर मिला। प्रतियोगिता के लिए आत्मनिर्भर भारत, भारत के वीर शहीद एवं स्वतंत्रता सेनानी, वन्य एवं पर्यावरण संरक्षण, हमारी संस्कृति हमारी विरासत, ऊर्जा के स्रोत तथा बालाघाट जिले के किसी एक दर्शनीय स्थल जैसे विषय निर्धारित किए गए थे। प्रतिभागियों ने इन विषयों को रंगों और कलात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से प्रस्तुत करते हुए भारतीय संस्कृति, राष्ट्रीय गौरव, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय विरासत के प्रति अपनी सोच को रंगोली के जरिए साकार किया। प्रतियोगिता में शामिल प्रतिभागियों के उत्साह और उनकी कलात्मक प्रस्तुतियों को देखते हुए पुरस्कार वितरण समारोह आगामी १५ नवंबर को आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर उत्कृष्ट रंगोलियां बनाने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया जाएगा। प्रणय श्रीवास्तव ने बताया की १६ वर्षों से वारासिवनी में हम जिला स्तरीय रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन संस्कार भारती के माध्यम से कर रहे हैं। यह १६ वां वर्ष है इस अवसर पर दो श्रेणी में यह प्रतियोगिता आयोजित की गई है। जिसमें कक्षा ८ से १२ में ६१ एवं महाविद्यालय और ओपन में १८ प्रतिभागी शामिल हुए हैं। जिनके द्वारा निर्धारित विषय पर मनमोहन रंगोली उकेरी गई है १५ नवंबर को कार्यक्रम का इनाम वितरण किया जायेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here