Times Now नवभारत ने अपने प्राइम टाइम न्यूज लाइनअप को और मजबूत करते हुए नया डिबेट शो ‘धुरंधर – अमीश देवगन के साथ’ लॉन्च किया है
नई दिल्ली, 2 नवंबर 2026: टाइम्स नेटवर्क के हिंदी न्यूज चैनल Times Now नवभारत ने अपने प्राइम टाइम न्यूज लाइनअप को और मजबूत करते हुए नया डिबेट शो ‘धुरंधर – अमीश देवगन के साथ’ लॉन्च किया है। यह शो सोमवार से शुक्रवार शाम 6:50 बजे प्रसारित होगा। अनुभवी पत्रकार और Times Now नवभारत, टाइम्स नेटवर्क के मैनेजिंग एडिटर अमीश देवगन इस शो को होस्ट करेंगे। इस कार्यक्रम के जरिए देश को प्रभावित करने वाले सबसे अहम मुद्दों को तीखे सवालों, जोरदार बहस और बेबाक चर्चाओं के साथ दर्शकों के सामने रखा जाएगा।
इस शो में विभिन्न क्षेत्रों के प्रमुख स्टेकहोल्डर, राजनीतिक प्रतिनिधि और प्रभावशाली हस्तियां आमने-सामने होंगी। यहां मुद्दों पर खुलकर चर्चा होगी, दलीलें पेश की जाएंगी और एक-दूसरे के तर्कों को चुनौती दी जाएगी। ‘धुरंधर’ का मकसद सिर्फ सुर्खियों तक सीमित रहना नहीं, बल्कि अलग-अलग पक्षों के नजरिए को परखना, जवाबदेही तय करना और राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर सार्थक संवाद को बढ़ावा देना है। इस नए शो के जरिए Times Now नवभारत शाम के शुरुआती न्यूज स्लॉट में अपनी अलग पहचान बनाने और देशभर के दर्शकों के साथ अपने जुड़ाव को और मजबूत करने की कोशिश करेगा।
Times Now नवभारत पर अमीश देवगन अपने खास बेबाक और धारदार पत्रकारिता अंदाज में ‘धुरंधर – अमीश देवगन के साथ’ लेकर आएंगे। दिन की सबसे अहम घटनाओं और घटनाक्रमों पर इस शो में तीखी बहस, मजबूत प्रतितर्क और अलग-अलग नजरियों के जरिए चर्चा होगी।प्रिंट, टेलीविजन, बिजनेस जर्नलिज्म, रिपोर्टिंग, एंकरिंग और संपादकीय नेतृत्व के क्षेत्र में दो दशक से ज्यादा का अनुभव रखने वाले अमीश देवगन इस नई भूमिका में अपनी व्यापक पत्रकारिता विशेषज्ञता लेकर आएंगे। इस शो की लॉन्चिंग हिंदी न्यूज जगत में अपनी अलग पहचान बनाने की Times Now नवभारत की रणनीति को और मजबूती देती है। ‘धुरंधर’ के जरिए चैनल ऐसा कार्यक्रम पेश करना चाहता है, जिसका दर्शक हर दिन इंतजार करें और जो उन्हें देश की दिशा तय करने वाली अहम बहसों और चर्चाओं से सीधे जोड़े।










































