हैदर टावर की पांचवी मंजिल पर टहल रही थी सायरा खान, अचानक पैर में लगी गोली, साइलेंट हमले से भोपाल पुलिस भी हैरत में

0

भोपाल के टीला जमालपुरा इलाके में हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां हैदर टावर की पांचवीं मंजिल की छत पर टहल रही सायरा खान के पैर में अचानक गोली लग गई। अस्पताल में जांच के बाद मामले का खुलासा हुआ। पुलिस और एफएसएल टीम ने फ्लैट सील कर दिया है और गोली के स्रोत की तलाश की जा रही है।भोपाल: राजधानी के टीला जमालपुरा इलाके में एक बेहद हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहां अपार्टमेंट की पांचवीं मंजिल की छत पर टहल रही एक महिला के पैर में अचानक गोली धंस गई। शुरुआत में महिला को सामान्य चोट का अहसास हुआ था, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जो खुलासा किया, उसने पुलिस के भी होश उड़ा दिए। मामला टीला जमालपुरा के कच्ची मस्जिद रोड स्थित हैदर टावर का है। घायल महिला सायरा खान का फिलहाल एक नर्सिंग होम में इलाज चल रहा है, वहीं पुलिस इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी है कि आखिर पांचवीं मंजिल पर टहल रही महिला तक गोली कहां से पहुंची।

टहलते समय हुआ पैर में चुभन का अहसास

जानकारी के मुताबिक, सायरा खान रोज की तरह हैदर टावर की पांचवीं मंजिल की छत पर टहल रही थीं। इसी दौरान उन्हें अपने पैर में कुछ चुभने का अहसास हुआ। शुरुआत में उन्हें लगा कि शायद कोई मामूली चीज चुभ गई होगी या हल्की चोट लग गई है। लेकिन जब दर्द बढ़ा और वे अस्पताल पहुंचीं, तो मेडिकल जांच में पता चला कि उनके पैर में कोई धातु यानी गोली फंसी हुई है। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर पुलिस हरकत में आई और तुरंत मामले की जानकारी जुटानी शुरू की।एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर जुटाए साक्ष्य

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और वहां से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने एहतियात के तौर पर संबंधित फ्लैट को भी सील कर दिया है, ताकि फॉरेंसिक जांच में किसी तरह की बाधा न आए। अधिकारियों का मानना है कि एफएसएल की रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि गोली किस एंगल से और कितनी दूरी से आई थी।

एडिशनल पुलिस कमिश्नर बोले- एफआईआर दर्ज, हर पहलू पर जांच

एडिशनल पुलिस कमिश्नर शैलेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि फरियादिया के बयानों के आधार पर प्रथम दृष्टया एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि महिला को गोली किस तरह और कहां से लगी। क्या यह किसी की लापरवाही से चली गोली थी या फिर इसके पीछे कोई सोची-समझी साजिश थी? पुलिस इन सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर अपनी जांच आगे बढ़ा रही है।क्या सायरा खान को बनाया गया था निशाना?

हैदर टावर की इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में भी दहशत का माहौल है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या सायरा खान को किसी ने जानबूझकर निशाना बनाया था, या फिर किसी दूसरी जगह से चली गोली हवा में लहराते हुए छत पर आ गिरी। फिलहाल पुलिस के पास ऐसा कोई ठोस सुराग नहीं है जिससे हमलावर की पहचान हो सके। पुलिस अब आसपास की इमारतों, संदिग्ध गतिविधियों और महिला के बयानों की कड़ियां जोड़कर सच का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here