इटोरा के साईं मंदिर के पास हुआ हादसा, चारों पहिए ऊपर
चालक सुरक्षित, दूसरी गाड़ी से खैरागढ़ भेजा गया सामान
फोटो
पदमेश न्यूज़।बालाघाट। बालाघाट से छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जा रहा किराना सामान से भरा ट्रक शुक्रवार 25 सितंबर की इटोरा के साईं मंदिर के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया।बताया गया कि सामने से आ रहे अज्ञात वाहन को बचाने के प्रयास में ट्रक चालक ने वाहन को सड़क की ओर साइड किया, इसी दौरान संतुलन बिगड़ गया और ट्रक सड़क किनारे पलटकर चारों खाने चित हो गया। हादसे में ट्रक के चारों पहिए ऊपर की ओर हो गए। राहत की बात यह रही कि चालक सुरक्षित बच गया और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
अचानक सामने आया वाहन, साइड लेते ही बिगड़ा संतुलन
जानकारी के अनुसार ट्रक क्रमांक एमएच 40 सीडी 9038 बालाघाट से किराने का सामान लेकर खैरागढ़ की ओर जा रहा था। तड़के करीब 3 से 4 बजे के बीच इटोरा स्थित साईं मंदिर के पास लांजी की ओर से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उक्त ट्रक को पर्याप्त साइड नहीं दी। सामने से वाहन को आता देख ट्रक चालक ने ठोस से बचने के लिए अपने वाहन को साइड किया। इसी दौरान ट्रक का संतुलन बिगड़ा और वह सड़क किनारे पलट गया।
मौके पर पहुंची दूसरी गाड़ी, सामान कराया शिफ्ट
हादसे के बाद ट्रक मौके पर ही पलटा पड़ा रहा। ट्रक मालिक जगदीश पवार, निवासी छिंदवाड़ा को घटना की जानकारी मिली। इसके बाद दूसरी गाड़ी मौके पर बुलाकर ट्रक में लदा किराना सामान उसमें शिफ्ट कराया गया,ताकि सामान को खैरागढ़ भेजा जा सके।बाद में जेसीबी की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को सड़क किनारे से हटाया गया।
टला बड़ा हादसा
ट्रक के बुरी तरह पलटने के बावजूद चालक के सुरक्षित बचने से बड़ा हादसा टल गया। दुर्घटना में वाहन को नुकसान पहुंचा है, जबकि सामान को दूसरी गाड़ी में सुरक्षित स्थानांतरित कर दिया गया। फिलहाल अज्ञात वाहन की पहचान नहीं हो सकी है।बताया गया कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।






































