आईटीआई बूढ़ी के औचक निरीक्षण में सामने आईं व्यवस्थागत खामियां

0


जिले में लगातार जनसमस्याओं और शैक्षणिक संस्थानों की व्यवस्थाओं का जायजा ले रहीं बालाघाट विधायक अनुभा मुंजारे ने शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) बूढ़ी का निरीक्षण किया। इससे पहले विधायक शहर की बावनथड़ी कॉलोनी में पेयजल संकट का निरीक्षण कर संबंधित विभाग को समस्या के समाधान के निर्देश दे चुकी हैं, वहीं पीजी कॉलेज पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी शैक्षणिक समस्याओं को भी जाना था। इसी क्रम में विधायक अनुभा मुंजारे आईटीआई बूढ़ी पहुंचीं, जहां उन्होंने विद्यार्थियों, प्रशिक्षकों और संस्थान के अधिकारियों से चर्चा कर संस्थान की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने प्रशिक्षण से जुड़ी सुविधाओं, संसाधनों की कमी तथा अन्य समस्याओं से विधायक को अवगत कराया।

निरीक्षण के दौरान संस्थान की भवन संरचना को लेकर भी गंभीर सवाल सामने आए। कई स्थानों पर भवन जर्जर अवस्था में दिखाई दिया, जिससे विद्यार्थियों और स्टाफ की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की गई। विधायक ने भवन की वर्तमान स्थिति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने वाले युवाओं को सुरक्षित और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना शासन एवं प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। विधायक ने संस्थान परिसर में स्वच्छता व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। इस दौरान परिसर के रखरखाव और साफ-सफाई को लेकर आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने गर्मी के मौसम को देखते हुए विद्यार्थियों के लिए पर्याप्त संख्या में कूलर और पंखों की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। निरीक्षण में सामने आया कि विद्यार्थियों की संख्या के अनुरूप मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं, जिससे उन्हें प्रशिक्षण के दौरान असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। इस अवसर पर प्रशिक्षण प्रयोगशालाओं, मशीनों, उपकरणों और तकनीकी संसाधनों की भी समीक्षा की गई। विधायक ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर प्रशिक्षण की गुणवत्ता, रोजगार से जुड़ी संभावनाओं और संस्थान में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। विद्यार्थियों ने भी खुलकर अपनी समस्याएं और सुझाव रखे। विधायक अनुभा मुंजारे ने कहा कि आईटीआई जैसे संस्थान प्रदेश के युवाओं को रोजगारोन्मुखी शिक्षा और तकनीकी दक्षता प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में संस्थान में गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण, आधुनिक संसाधन और बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होना आवश्यक है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि भवन की मरम्मत, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल, विद्युत व्यवस्था तथा विद्यार्थियों के लिए आवश्यक सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए गए कि संस्थान में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जाए तथा विद्यार्थियों को तकनीकी प्रशिक्षण के लिए आवश्यक सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। विधायक ने भरोसा दिलाया कि यदि किसी कार्य के लिए उच्च स्तर पर पहल की आवश्यकता होगी तो वह स्वयं संबंधित विभाग और शासन स्तर पर मामला उठाएंगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here