बैठक में क्षेत्र में पुरातात्विक अवशेषों के संरक्षण, मूर्तियों को विसर्जित करने वालों पर कार्यवाही एवं पर्यटन विकास पर दिया गया जोर
पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। नगर मुख्यालय स्थित जनपद पंचायत अध्यक्ष कक्ष में बुधवार को इतिहास एवं पुरातत्व शोध संस्थान संग्रहालय की एक आवश्यक बैठक संपन्न हुई। यह बैठक जनपद अध्यक्ष श्रीमती देवीलता ग्वालवंशी व अन्य जनप्रतिनिधियों के प्रमुख आतिथ्य तथा संस्थान के जिलाध्यक्ष डॉ. विरेन्द्रसिंह गहरवार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में लालबर्रा क्षेत्र के ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक महत्व के अवशेषों के अवलोकन, धरोहरों को सुरक्षित रखने, अवैध रूप से मूर्तियों का विसर्जन करने वालों पर सख्त कार्यवाही करने तथा ऐतिहासिक स्थलों को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
विभिन्न ग्राम पंचायतों के अवशेषों को सहेजने की बनी कार्ययोजना
आयोजित बैठक में चर्चा के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, इतिहास एवं पुरातत्व शोध संस्थान संग्रहालय के लालबर्रा के सदस्यों एवं पंचायत सरपंच-सचिवों ने अपने-अपने क्षेत्र की पुरातात्विक धरोहरों की जानकारी साझा की। इस दौरान मिरेगांव सरपंच व सचिव ने बताया कि ग्राम के ‘गोंडीदेव’ स्थल पर प्राचीन मूर्तियां मौजूद हैं, जिन्हें व्यवस्थित कर उस स्थान का विकास करना अत्यंत आवश्यक है। इसी तरह ग्राम खिर्री, घटोलगांव व नगपुरा में भी बिखरे पड़े पुरातात्विक अवशेषों को सुरक्षित व व्यवस्थित करने हेतु ठोस कार्ययोजना तैयार की गई। ताकि ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक अवशेषों जो अव्यवस्थित है उन्हे व्यवस्थित कर उस स्थान का विकास किया जा सके। साथ ही उक्त मूर्तियों के बारे में जानकारी भी अंकित करने की बात कही गई ताकि क्षेत्रीयजनों को उसके महत्व के बारे में वे अवगत हो सके। वहीं बैठक में ग्राम बोरी सहित अन्य स्थानों पर पुरातात्विक काल की खंडित मूर्ति को विसर्जित किये जाने का मामला सामने आया, जिस पर पदाधिकारियों ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ऐसी प्राचीन मूर्तियों को विसर्जित करने के बजाय बालाघाट स्थित इतिहास एवं पुरातत्व शोध संस्थान संग्रहालय में जमा कराना चाहिए। प्रशासन द्वारा भविष्य में इस तरह की लापरवाही बरतने वालों के विरूध्द नियमानुसार कार्यवाही की जायेगी।
रजत जयंती समारोह में होगा पुस्तिका का विमोचन
बैठक में इतिहास एवं पुरातत्व शोध संस्थान संग्रहालय के जिलाध्यक्ष डॉ. गहरवार ने निर्देशित किया कि लालबर्रा क्षेत्र में मौजूद पुरातात्विक अवशेषों के संरक्षण और सर्वेक्षण का कार्य आगामी ३१ दिसंबर तक हर हाल में पूर्ण कर लिया जाये। इसके उपरांत क्षेत्र के पुरातत्व स्थलों पर आधारित एक ज्ञानवर्धक पुस्तिका प्रकाशित की जायेगी। जिसका विमोचन २७ फरवरी २०२७ को बालाघाट में आयोजित होने वाले संस्थान के २५ वें (रजत जयंती) राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय महाभव्य अनुष्ठान में किया जायेगा। अंत में सभी से संगठित होकर धरोहर संरक्षण की दिशा में कार्य करने का आव्हान किया गया।







































