खरगोन में 41.58 लाख रुपये का बैंक गबन: फरार शाखा प्रबंधक राजेश राठौर गिरफ्तार, कोर्ट के आदेश पर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा

0

खरगोन: जिले में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की ठीबगांव शाखा में 41.58 लाख रुपये के गबन के मामले में फरार चल रहे शाखा प्रबंधक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को सोमवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पूर्व से गिरफ्तार मुख्य आरोपी बैंक कैशियर रितु गोयल ने गबन की ज्यादातर राशि ऑनलाइन गेमिंग और अपने परिवार को हवाई यात्रा करने में खर्च कर दी थी।

जैतापुर थाना प्रभारी सुदर्शन कलोसिया ने बताया कि फरार शाखा प्रबंधक राजेश राठौर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वह 41 लाख 58 हजार 95 रुपये के गबन के मामले में आरोपी बनाया गया था। उन्होंने बताया कि 25 मई को डीसीसीबी की ठीबगांव शाखा की कैशियर रितु गोयल अचानक फरार हो गई थी। इसके बाद बैंक द्वारा पांच दिनों तक की गई आंतरिक जांच में 41.58 लाख रुपये के गबन का खुलासा हुआ। मामले में 29 मई को जैतापुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।

ऑनलाइन गेमिंग और हवाई यात्राओं में उड़ाई रकम

थाना प्रभारी के अनुसार, बैंक की जांच रिपोर्ट में सामने आया कि गबन की पूरी राशि रितु गोयल ने हड़पी थी। जांच में शाखा प्रबंधक राजेश राठौर तथा बैंक कर्मचारी त्र्यंबक वाणी की भी प्रकरण में संलिप्तता पाई गई, जिसके आधार पर उन्हें भी आरोपी बनाया गया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि रितु गोयल ने गबन की अधिकांश राशि ऑनलाइन गेमिंग में खर्च कर दी, जबकि शेष रकम अपने परिवार के साथ हवाई यात्राओं और होटलों में ठहरने पर खर्च की।

पुलिस ने रितु गोयल को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था और उसके कब्जे से करीब डेढ़ लाख रुपये बरामद किए थे। वहीं, बैंक कर्मचारी त्र्यंबक वाणी को भी कुछ दिन पहले गिरफ्तार किया जा चुका है।

शाखा प्रबंधक की संलिप्तता पर क्या बोली पुलिस?

थाना प्रभारी ने बताया कि अब तक की जांच में शाखा प्रबंधक राजेश राठौर और कर्मचारी त्र्यंबक वाणी के खाते में गबन की राशि जाने या उनके द्वारा किसी प्रकार की धनराशि लेने के प्रमाण नहीं मिले हैं। प्रारंभिक जांच के अनुसार, पूरी गबन की राशि रितु गोयल द्वारा ही हड़पी गई थी। मामले की विवेचना जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here