पहली मुलाकात से पहले मैं घबराई हुई थी, इंदिरा ने फ्रेंच में बात कर दूर की झिझक; घर में वह सबकी दादी थीं, सोनिया ने याद किए पुराने दिन

0

सोनिया गांधी के मुताबिक, जब पहली बार इंदिरा गांधी से मिलने का मौका आया, तो उन्होंने जाने से ही इनकार कर दिया था। अगले दिन उन्होंने अपना मन बदला, लेकिन दिल में जबरदस्त घबराहट थी।

Sonia Gandhi: सियासत के गलियारों में ‘आयरन लेडी’ और देश की ताकतवर प्रधानमंत्री के तौर पर पहचानी जाने वालीं इंदिरा गांधी का एक बेहद निजी, संवेदनशील और पारिवारिक चेहरा भी था। सोनिया गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इंदिरा गांधी को याद करते हुए एक भावुक पोस्ट साझा किया है, जिसमें उन्होंने पहली मुलाकात का वह किस्सा सुनाया है जब इंदिरा ने उनकी घबराहट को भांपकर बिना जताए मामला आसान कर दिया था।

पहली मुलाकात में जाने से कर दिया था इनकार

सोनिया गांधी के मुताबिक, जब पहली बार इंदिरा गांधी से मिलने का मौका आया, तो उन्होंने जाने से ही इनकार कर दिया था। अगले दिन उन्होंने अपना मन बदला, लेकिन दिल में जबरदस्त घबराहट थी। उस वक्त उनकी अंग्रेजी भी कमजोर थी। इसी मुश्किल घड़ी में इंदिरा गांधी ने उनसे फ्रेंच भाषा में बात की। सोनिया लिखती हैं कि उन्होंने इंदिरा के बारे में सबसे पहली बात यही सीखी कि वह समझ जाती थीं कि सामने वाला किस चीज से जूझ रहा है और खामोशी से उसे आसान बना देती थीं।

दुनिया ने देखा PM का रूप, घर में थीं ‘दादी’

अपने पोस्ट में सोनिया गांधी ने सार्वजनिक छवि और पारिवारिक रिश्तों के बीच के फर्क को भी खूबसूरती से उकेरा है। उन्होंने लिखा कि पूरी दुनिया ने उन्हें प्रधानमंत्री के रूप में जाना, लेकिन घर में वह सबकी ‘दादी’ थीं—एक बेहद प्यार करने वाली और सौम्य शख्सियत, जो किस्सों, समझदारी और कमाल के सेंस ऑफ ह्यूमर से भरपूर थीं।

आज भी जिंदा है उनकी झलक

भावुक अंदाज में सोनिया गांधी ने कहा कि इंदिरा गांधी का कुछ हिस्सा हम सबके भीतर आज भी जिंदा है, चाहे हमें इसका एहसास हो या न हो। उन्होंने अपने पोस्ट के आखिर में लिखा कि परिवार उन्हें आज भी बेहद याद करता है। सियासी विरासत से परे यह पोस्ट इंदिरा गांधी के उस मानवीय और घरेलू पहलू को सामने लाता है, जो अक्सर सुर्खियों के शोर में दब जाता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here