न्यूयॉर्क: स्पेन ने रविवार को मेटलाइफ स्टेडियम में खेले गए ऐतिहासिक फाइनल मुकाबले में लियोनेल मेसी की अर्जेंटीना को 1-0 से हराकर फीफा वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। यूरोपीय चैंपियन स्पेन ने न सिर्फ फुटबॉल का सबसे बड़ा इनाम जीता, बल्कि फीफा की ओर से मिलने वाली रिकॉर्ड तोड़ इनामी राशि पर भी कब्जा जमाया। वहीं दूसरी ओर इस हार के साथ अर्जेंटीना का चार साल पहले कतर में जीते अपने खिताब का बचाव करने का सपना टूट गया, लेकिन उपविजेता बनने के बाद भी टीम को एक बहुत बड़ी रकम हाथ लगी है। दिसंबर 2025 में फीफा अध्यक्ष गियानी इन्फेंटिनो के नेतृत्व में हुई फीफा काउंसिल की बैठक के अनुसार, इस साल के टूर्नामेंट में विश्व कप इतिहास का सबसे बड़ा प्राइज पूल रखा गया था।
स्पेन और अर्जेंटीना को मिली रिकॉर्ड इनामी राशि
फीफा द्वारा घोषित प्राइज मनी के अनुसार, इस बार फाइनलिस्ट टीमों को पिछले सभी सीचन से कहीं ज्यादा रकम मिली है:
- विजेता (स्पेन): खिताब जीतने वाली स्पेनिश टीम को 50 मिलियन डॉलर (करीब 481 करोड़ रुपये) का बंपर इनाम मिला है। यह पुरुषों के विश्व कप इतिहास में किसी भी विजेता को दी जाने वाली अब तक की सबसे बड़ी राशि है। यह अर्जेंटीना द्वारा 2022 में जीती गई राशि से 8 मिलियन डॉलर अधिक है।
- उपविजेता (अर्जेंटीना): फाइनल में 1-0 से शिकस्त झेलने वाली अर्जेंटीना की टीम को रनर्स-अप के तौर पर 33 मिलियन डॉलर (करीब 318 करोड़ रुपये) मिलेंगे। यह 2022 में उपविजेता रही फ्रांस की टीम को मिली राशि से 3 मिलियन डॉलर ज्यादा है।
फीफा वर्ल्ड कप 2026 में कुल प्राइज पूल और टीमों का हिस्सा
फीफा काउंसिल के मुताबिक, 2026 विश्व कप का कुल प्राइज पूल 655 मिलियन डॉलर तय किया गया था, जो कि 2022 के टूर्नामेंट से पूरे 50 प्रतिशत अधिक है। टूर्नामेंट में भाग लेने वाली सभी 48 टीमों को उनके प्रदर्शन और स्थान के आधार पर मोटी रकम मिली है।










































