भस्म आरती के नाम पर वड़ोदरा की महिला से 42 हजार रुपये की ठगी, गूगल सर्च पर मिला था मोबाइल नंबर

0

उज्जैन। महाकाल की भस्म आरती के नाम पर वड़ोदरा गुजरात निवासी महिला से 42 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। महिला ने गूगल पर भस्म आरती के बारे में जानकारी सर्च की थी। जिस पर उसे दीपक मिश्रा नामक व्यक्ति का मोबाइल नंबर मिला था।

महिला ने मोबाइल पर बात की तो ठग ने उसे झांसा देकर 42 हजार रुपये ऑनलाइन जमा करवा लिए। महिला मंदिर पहुंची तो उसे पता चला कि उसके नाम से कोई बुकिंग नहीं हुई थी। मामले में महाकाल पुलिस ने केस दर्ज किया है।

पुलिस ने बताया कि वीणा पत्नी अमित पंड्या उम्र 44 वर्ष निवासी योगेश्वर सोसायटी वड़ोदरा गुजरात ने शिकायत की है कि वह अपनी दोस्त अल्पना पटेल के साथ उज्जैन में महाकाल दर्शन करने के लिए 15 मई को आई थी। भस्म आरती दर्शन करने के लिए महिला ने गूगल पर जानकारी सर्च की थी। जहां से उसे दीपक मिश्रा नामक व्यक्ति का मोबाइल नंबर मिला था।

इस तरह रुपये लेते गया ठग

महिला ने मिश्रा के मोबाइल पर चर्चा की तो उसने भस्म आरती बुकिंग कराने के लिए साढ़े 11 हजार रुपये व आधार कार्ड की फोटोकापी भेजने को कहा था। महिला ने ऑनलाइन रुपये भेज दिए थे। रात को ही मिश्रा ने फोन कर कहा कि 10 हजार रुपये और भेजो वह प्रोटोकाल में सेव मनी के रूप में रहेगा, यह राशि रिफंड हो जाएगी। इसके बाद ठग ने फोन कर कहा कि राशि आई नहीं है।

इस पर महिला ने अपने पति के मोबाइल से ऑनलाइन रुपये जमा करवाए थे। इसके अलावा फिर से 10 हजार रुपये मांगने पर महिला ने रुपये ट्रांसफर किए थे। इस प्रकार कुल 42 हजार रुपये महिला से ऑनलाइन लेने के बाद भी मिश्रा ने महिला को कहा कि आपकी भस्म आरती बुकिंग नहीं हुई है।

आपकी राशि रिफंड की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। महिला महाकाल मंदिर पहुंची तो वहां उसे जानकारी लगी कि उसके साथ ठगी की गई है। महिला ने मामले में महाकाल पुलिस को शिकायत की थी। पुलिस ने केस दर्ज किया है।

नंदी हाल से दर्शन के नाम पर भी हो चुकी पांच हजार रुपये की ठगी

श्री महाकालेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं से नंदी हाल से दर्शन कराने के नाम पर पांच हजार रुपये की ठगी की गई थी। महाराष्ट्र से 13 मई को दर्शन करने के लिए आए श्रद्धालु शार्दुल कांबले, तन्मय भालेकर और मानव गायकोड से नंदी हाल से दर्शन कराने के नाम पर आशुतोष शर्मा नामक व्यक्ति ने पांच हजार रुपये ले लिए थे। मामला सामने आने पर महाकाल पुलिस ने केस दर्ज किया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here