२ अक्टूबर तक सडक़ का मरम्मत कार्य नही होने पर ३ अक्टूबर को होगा जन आंदोलन
पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। नगर के प्रमुख बालाघाट-सिवनी हाईवे मार्ग की बदहाली और कंजई से गर्रा तक गड्डों से पटी सडक़ एवं खस्ताहाल होने से आवागमन में हो रही परेशानी। वहीं इन जानलेवा गड्डों के कारण रोजाना हो रहे हादसों एवं सडक़ की बदहाली को लेकर बालाघाट एक्सप्रेस अखबार में रविवार को प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किया गया था कि सडक़ में बने गड्डों का मरम्मत कार्य नही होने पर क्षेत्रीय जनता आंदोलन करेगी। वहीं समाचार प्रकाशित होते ही प्रशासन और जनप्रतिनिधियों में हडक़ंप मच गया। वहीं सडक़ की बदहाली से आवागमन में हो रही परेशानियों की जनहित के इस गंभीर मुद्दे को बालाघाट एक्सप्रेस अखबार में प्रमुखता से उठाये जाने के बाद क्षेत्रीय विधायक श्रीमती अनुभा मुंजारे ने तत्काल संज्ञान लेते हुए रविवार को लालबर्रा विश्राम गृह से लेकर मजार सहित अन्य स्थानों पर पहुंचकर सडक़ का निरीक्षण किया। इस निरीक्षण के दौरान सडक़ की खस्ताहाल स्थिति और जानलेवा गड्डों को देखकर विधायक ने गहरा आक्रोश जताया और मौके से ही फोन पर संबंधित सडक़ विभाग के अधिकारियों से सीधे बात की। साथ ही अधिकारियों को अल्टीमेटम दिया है कि २ अक्टूबर तक सडक़ में बने जानलेवा गड्डो का मरम्मत कार्य करवाये नही तो ३ अक्टूबर को जन आंदोलन की चेतावनी दी है। वहीं अधिकारियों ने विधायक को आश्वास्त किया है कि सडक़ का मरम्मत कार्य करवा दिया जायेगा। अब देखना है कि विधायक श्रीमती मुंजारे के निरीक्षण के बाद सडक़ विभाग के अधिकारी सडक़ का मरम्मत कार्य करवाते है या नही। नही होने पर धरना प्रदर्शन एवं जन आंदोलन ३ अक्टूबर को होना तय है बालाघाट-सिवनी हाईवे मार्ग की बदहाली सडक़ को लेकर।
आपकों बता दे कि बालाघाट-सिवनी हाईवे मार्ग पूरी तरह खराब हो गई है, जगह-जगह बड़े-बड़े गड्डे बन गये है। लेकिन जिम्मेदारों के द्वारा उक्त गड्डों का मरम्मत कार्य नही करवाया जा रहा है। जिस कारण से इस मार्ग से आवागमन करने वालों को बेहद परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही आये दिन दुर्घटनाएं भी घटित हो रही है, जिससे ऐसा प्रतीत हो रहा है कि प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है। रविवार को क्षेत्रीय विधायक श्रीमती अनुभा मुंंजारे ने हाईवे मार्ग सडक़ का निरीक्षण क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के साथ की है। इस दौरान राहगीरों और स्थानीय निवासियों ने विधायक श्रीमती मुंजारे को सडक़ की बदहाली से हो रही परेशानियों से अवगत करवाये और विधायक महोदया ने भी सडक़ की दुर्दशा को स्वयं देखी। जिस पर उन्होने स्पष्ट शब्दों में प्रशासन को अल्टीमेटम दिया है। यदि २ अक्टूबर तक कंजई से गर्रा मार्ग सहित पूरे हाईवे के गड्डों की मरम्मत और सुधार कार्य प्रारंभ नहीं किया गया, तो वे स्वयं ३ अक्टूबर से सडक़ पर बैठकर जनहित में उग्र धरना-प्रदर्शन करेंगी।
अधिकारियों की लापरवाही बर्दाश्त नहीं
सडक़ निरीक्षण के दौरान विधायक ने कहा कि बालाघाट-सिवनी मार्ग जिले की मुख्य जीवनरेखा है, जो भोपाल, इंदौर, जबलपुर और नागपुर जैसे बड़े शहरों को जोड़ता है। इसके बावजूद लंबे समय से इसकी उपेक्षा की जा रही है, जिससे रोजाना हादसे हो रहे हैं। खबर प्रकाशन के बाद जनता का आक्रोश पूरी तरह जायज है और अब कागजी आश्वासनों का वक्त खत्म हो चुका है। साथ ही सडक़ विभाग के अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि तय समय-सीमा के भीतर सडक़ को आवागमन योग्य बनाया जाये, अन्यथा आंदोलन का सामना करने के लिए प्रशासन तैयार रहे।
फोरलेन सडक़ निर्माण को शुरू होने पर लगेगा समय
वहीं बालाघाट से सिवनी राष्ट्रीय मार्ग का फोरलेन की स्वीकृति मिल चुकी है लेकिन धरातल पर काम शुरू होने को सडक़ विभाग के अधिकारियों के अनुसार एक वर्ष लग सकता है। यानि यह समझ कर चले की फोरलेन सडक़ का निर्माण कार्य वर्ष २०२७ की दीपावली पर्व के बाद प्रारंभ हो सकता है। जिससे एक वर्ष विलंब है, ऐसी स्थिति में यह सडक़ पुरी तरह से गड्डों में तब्दील हो जायेगी, इसलिए सडक़ निर्माण कार्य शुरू होते तक सडक़ का मरम्मत कार्य अति आवश्यक है ताकि आवागमन सुचारू रूप से हो सके। अगर सडक़ का मरम्मत कार्य जल्द नही किया गया तो हर समय बड़ी दुर्घटना होने की आशंका बनी रहेगी। वहीं विधायक ने अधिकारियों को याद दिलाया कि पूर्व में भी इस जर्जर मार्ग की मरम्मत को लेकर चर्चा हुई थी और आश्वासन दिया गया था कि जल्द कार्य शुरू कराया जायेगा। हालांकि, लंबा समय बीत जाने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है और सडक़ों पर तीन से चार फीट गहरे गड्डे हादसों को न्योता दे रहे हैं। इसलिए प्रशासन अपना कार्य जिम्मेदारी के साथ करे।






































