नई दिल्ली: भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की T20I सीरीज का आगाज रविवार, 13 सितंबर को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में होने जा रहा है। इस मुकाबले से ठीक पहले अफगानिस्तान के कप्तान इब्राहिम जादरान ने भारतीय टीम के स्टार वैभव सूर्यवंशी को लेकर अपनी राय रखी है। जादरान ने बता दिया है कि उनकी टीम वैभव के हालिया प्रदर्शन से किसी दबाव में नहीं है और उनके पास इस युवा सलामी बल्लेबाज को रोकने के लिए सटीक प्लान तैयार है।
वीडियो देखकर बनाई रणनीति
मैच से पहले शनिवार को हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में अफगान कप्तान इब्राहिम जादरान ने माना कि वैभव एक कमाल की प्रतिभा हैं, लेकिन उनकी टीम उनसे निपटने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है। जादरान ने मीडिया से बात करते हुए कहा, ‘वैभव सूर्यवंशी एक अद्भुत टैलेंट हैं। उन्होंने IPL में बहुत शानदार प्रदर्शन किया है और विभिन्न स्तरों की प्रतियोगिताओं में भी अपनी छाप छोड़ी है। हमने टीम मीटिंग्स में उनके बारे में चर्चा की है। हमारी टीम के जिन खिलाड़ियों ने IPL में उनके खिलाफ खेला है, उन्होंने हमें उनसे जुड़ा इनपुट दिया है।’ उन्होंने आगे कहा, ‘हमने उनके बल्लेबाजी वीडियो भी देखे हैं। हम चीजों को बहुत सरल रखेंगे और मैदान पर अपनी बनाई गई रणनीतियों को सही तरीके से लागू करने की कोशिश करेंगे।’










































