नई दिल्ली: वैभव सूर्यवंशी को दिलीप ट्रॉफी के लिए ईस्ट जोन टीम का उपकप्तान बनाया गया है। 15 सदस्यों वाली इस टीम की कप्तानी ईशान किशन करेंगे।सूर्यवंशी ने हाल ही में यूके दौरे पर भारत के लिए डेब्यू किया था और उसके बाद जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज में भी हिस्सा लिया। वहां दो फिफ्टी लगाकर उन्होंने प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड जीता।
फर्स्ट क्लास क्रिकेट में वैभव का रिकॉर्ड
15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने टी20 क्रिकेट में धमाल मचा रखा है। लेकिन दलीप ट्रॉफी रेड बॉल टूर्नामेंट है। इसमें चुनौतियां पूरी तरह अलग होती है। नई गेंद सीम और स्विंग होती है। इसकी वजह से काफी संभलकर खेलना पड़ता है। बिहार की तरफ से खेलते हुए वैभव ने अभी तक 8 फर्स्ट क्लास मैच खेले हैं। इसकी 12 पारियों में उनके नाम 207 रन हैं। ये रन उन्होंने 17.25 की औसत और 90 की स्ट्राइक रेट से बनाए हैं। उनके नाम एक फिफ्टी है। यानी वह अभी तक फर्स्ट क्लास क्रिकेट में छाप नहीं छोड़ पाए हैं
यूथ टेस्ट में वैभव दो शतक लगा चुके
अंडर-19 क्रिकेट में यूथ टेस्ट का आयोजन किया जाता है। वैभव सूर्यवंशी को 2024 और 2025 में 6 यूथ टेस्ट खेलने का मौका मिला। इसमें उन्होंने 33 की औसत और 137 की स्ट्राइक रेट से 331 रन बनाए। इसमें दो शतक भी शामिल हैं। उनकी सबसे बड़ी पारी 113 रनों की रही। ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ उन्होंने 58 गेंदों पर शतक लगाया था।
23 अगस्त से दलीप ट्रॉफी शुरू
दलीप ट्रॉफी 2026 की शुरुआत 23 अगस्त से होगी। इसमें 5 जोन की टीमें हिस्सा लेती हैं। पहला मुकाबला ईस्ट जोन बनाम नॉर्थ ईस्ट जोन खेला जाएगा। वहीं नॉर्थ और वेस्ट जोन की टीमों के बीच दूसरा मैच होगा। ये दोनों मुकाबला क्वार्टर फाइनल होंगे। सेंट्रल और साउथ जोन को सीधे सेमीफाइनल में एंट्री मिली है। 6 सितंबर से टूर्नामेंट का फाइनल होगा।









































