Scindia Family Property Dispute: सिंधिया परिवार में संपत्ति विवाद गहराता जा रहा है। उनकी फुफेरी बहन प्रतिमा राणा पर कोर्ट ने 10000 रुपए का जुर्माना लगाया है। वह कोर्ट की तरफ से निर्धारित समय पर साक्ष्य पेश नहीं कर पाई। उनके वकील ने शादी के नाम पर तारीख की मांग की
ग्वालियर: केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के परिवार में संपत्ति का विवाद अभी सुलझा नहीं है। उनकी फुफेरी बहन प्रतिमा राणा ने अड़ंगा लगा दिया है। बुधवार को इस मामले को लेकर कोर्ट में सुनवाई होनी थी लेकिन प्रतिमा राणा के वकील उपस्थित नहीं हुए और शादी के नाम पर समय की मांग की। इसके बाद कोर्ट 10000 रुपए की जुर्माना सिंधिया की फुफेरी बहन पर लगा दिया है और समय दिया है।
शादी के नाम पर मांगा समय
दरअसल, सिंधिया परिवार का यह विवाद फिलहाल सुलझता नहीं दिख रहा है। प्रतिमा राणा की तरफ से जो आरोप लगाए गए थे, बुधवार को उससे संबंधित साक्ष्य प्रस्तुत करने का समय था। सुनवाई के दौरान वकील अपनी शादी के नाम पर अदालत से और समय की मांग की।
प्रतिमा राणा पर लगाया दिया जुर्माना
वकील की मांग पर कोर्ट ने अगली सुनवाई की तारीख दे दी है। अब मामले में अगली सुनवाई दो दिसंबर को होगी। साथ ही कोर्ट ने टिप्पणी की कि यह प्रकरण 10 साल से अधिक पुराना है। हाईकोर्ट का आदेश है कि ऐसे मामलों का शीघ्र निराकरण करना है। अगली सुनवाई की तारीख का आवेदन स्वीकार करते हुए अदालत ने प्रतिमा राणा को 10 हजार रुपए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में जमाकर रसीद प्रस्तुत करने के आदेश दिए हैं।
वकीलों ने किया था विरोध
वहीं, सुनवाई के दौरान प्रतिमा राणा के वकील ने समय की मांग तो अन्य वकीलों ने विरोध किया। साथ ही कहा कि प्रतिमा के पास मीडिया से बात करने के लिए समय है। लेकिन कोर्ट में साक्ष्य प्रस्तुत करने का वक्त नहीं है। वकीलों ने यह मांग कर दी कि 10 लाख कॉस्ट जमा करने की शर्त पर दिया जाना चाहिए।
वियतनाम गई हैं प्रतिमा
इसके साथ ही प्रतिमा राणा की तरफ से कोर्ट में जो आवेदन दिया गया है, उसमें वियतनाम दौरे के टिकट भी प्रस्तुत किए गए हैं। सभी लोग 18-20 नवंबर के बीच लौटेंगे।
कौन हैं प्रतिमा राणा
गौरतलब है कि प्रतिमा राणा ज्योतिरादित्य सिंधिया की फुफेरी बहन हैं। उनकी बुआ पद्मावती राजे की बेटी हैं। प्रतिमा ने पारिवारिक संपत्ति में 10 फीसदी हिस्सेदारी की मांग की है। परिजनों पर उन्होंने धोखे से हस्ताक्षर करवाने के आरोप लगाए। हालांकि परिवार के अन्य सदस्यों ने इन आरोपों को खारिज कर दिया है।










































