अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने शीर्ष सैन्य योजनाकार लेफ्टिनेंट जनरल ब्रेट सिल्विया को पद से बर्खास्त कर दिया है। उन पर ईरान और रूस-यूक्रेन युद्ध से जुड़ी गोपनीय जानकारियां पत्रकारों को लीक करने का आरोप है। पेंटागन ने मामले को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए न्याय विभाग भेज दिया है।
अमेरिकी रक्षा विभाग के मुख्यालय ’पेंटागन’ ने शीर्ष सैन्य योजनाकार पद से लेफ्टिनेंट जनरल ब्रेट सिल्वेनिया को बर्खास्त किए जाने के बाद उन पर मीडिया को संवेदनशील जानकारी लीक करने का गंभीर आरोप लगाया है। एक रक्षा अधिकारी ने बुधवार देर रात बताया कि रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने ’जॉइंट चीफ ऑफ स्टाफ’ के रणनीति, योजना और नीति प्रमुख आर्मी लेफ्टिनेंट जनरल ब्रेट सिल्वेनिया को उनके पद से बर्खास्त कर दिया। उन पर ईरान युद्ध, रूस-यूक्रेन युद्ध और अन्य संवेदनशील सैन्य मामलों से जुड़ी गोपनीय जानकारी पत्रकारों को लीक करने का आरोप है।
अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, इस मामले में जांच की गई थी और ब्रेट सिल्विया कथित तौर पर तीन पॉलीग्राफ टेस्ट में भी विफल रहे। पेंटागन ने मामले को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए अमेरिकी न्याय विभाग (Justice Department) के पास भेज दिया है।
पेंटागन ने क्या लगाए आरोप?
पेंटागन के एक अधिकारी ने आरोप लगाया कि ब्रेट सिल्विया से गोपनीय जानकारी लीक करने को लेकर पूछताछ की गई थी। इस दौरान वह तीन पॉलीग्राफ टेस्ट में विफल रहे। पेंटागन के प्रवक्ता सीन पार्नेल ने कहा कि संवेदनशील जानकारी की सुरक्षा के लिए जरूरी प्रशासनिक कार्रवाई की गई है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विभाग गोपनीय सूचनाओं के अनधिकृत खुलासे को बर्दाश्त नहीं करेगा। हालांकि, ब्रेट सिल्विया की ओर से इन आरोपों पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।
पत्रकारों से मुलाकात कर जानकारी देने का भी आरोप
जांच में यह भी आरोप लगाया गया कि सिल्विया ने पेंटागन के बाहर पत्रकारों से मुलाकात की थी। यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ, जब हेगसेथ ने पेंटागन में मीडिया की पहुंच को लेकर नए प्रतिबंध लागू किए थे। इन नियमों के तहत पत्रकारों को इमारत के अंदर अधिकारियों की निगरानी में रहना जरूरी था।
अमेरिकी अधिकारियों का आरोप है कि सिल्विया ने पत्रकारों को ईरान और यूक्रेन युद्ध से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां उपलब्ध कराईं। मामले की जांच अब अमेरिकी न्याय विभाग को भेजी गई है।
पेंटागन में रणनीति बनाने की अहम जिम्मेदारी संभाल रहे थे सिल्विया
लेफ्टिनेंट जनरल ब्रेट सिल्विया ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के स्ट्रैटेजी, प्लान्स एंड पॉलिसी डायरेक्टरेट यानी J5 के प्रमुख थे। यह पेंटागन की एक महत्वपूर्ण इकाई है, जो अमेरिकी सैन्य रणनीति और योजनाएं तैयार करने में अहम भूमिका निभाती है।
इस पद पर रहते हुए उनकी जिम्मेदारी ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के चेयरमैन को सैन्य रणनीति और योजनाओं पर सलाह देना भी था। इससे पहले वह अमेरिकी सेना की 101वीं एयरबोर्न डिवीजन के कमांडर रह चुके थे। उन्होंने अमेरिकी सेना में करीब 32 साल तक सेवाएं दी थीं।
ट्रंप ने कहा- बड़ी मुश्किल में पड़ेंगे ब्रेट सिल्विया
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी ब्रेट सिल्विया को पद से हटाए जाने पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सिल्विया को लंबे समय तक गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। ट्रंप ने यह भी कहा कि उनका प्रशासन गोपनीय जानकारी लीक करने वालों की तलाश कर रहा है। वहीं, पेंटागन के प्रवक्ता सीन पार्नेल ने कहा कि यह कार्रवाई एयर फोर्स ऑफिस ऑफ स्पेशल इन्वेस्टिगेशंस की विस्तृत जांच के बाद की गई है।










































