काम-धंधे की बात मत करो, ट्रांसफर की बताओ’, फग्गन सिंह कुलस्ते ने सुनाया दिग्विजय सिंह के दौर का पुराना किस्सा

0

मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के कार्यकाल पर जमकर निशाना साधा। सांसद ने अपने पुराने अनुभवों को साझा करते हुए आरोप लगाया कि उस दौर में विकास कार्यों की मांग करने पर तत्कालीन सरकार कहती थी कि उनके पास बजट नहीं है, केवल ट्रांसफर करवाने की बात कीजिए।

सिवनी: जिले के घंसौर में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत एक जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे मंडला लोकसभा सांसद फग्गंन सिंह कुलस्ते ने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के कार्यकाल पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। सांसद द्वारा मंच से साझा किए गए पुराने अनुभवों और बयानों के बाद राज्य की राजनीति में एक बार फिर जुबानी जंग तेज हो गई है।

दिग्विजय सिंह के कार्यकाल पर सुनाया

जनता को संबोधित करते हुए सांसद कुलस्ते ने दिग्विजय सिंह के मुख्यमंत्रित्व काल के दिनों को याद किया। उन्होंने कहा कि उस दौर में जब वे अपने क्षेत्र के विकास के लिए सड़क, छात्रावास और विद्यालय जैसे बुनियादी निर्माण कार्यों की बात लेकर जाते थे, तब पूर्व मुख्यमंत्री की तरफ से जवाब मिलता था कि ‘फग्गन सिंह जी, काम-धंधे की बात मत करना, किसी का ट्रांसफर करवाना है तो बता दो, काम के लिए बात मत करना। हमारे पास पैसा-धेला है नहीं।’ सांसद के इस बयान के जरिए यह आरोप लगाया गया कि उस समय विकास कार्यों के लिए फंड की कमी का हवाला दिया जाता था, जबकि प्रशासनिक तबादलों पर जोर रहता था।राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना बयान

सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते का यह बयान अब राजनीतिक गलियारों में तेजी से चर्चा का विषय बन गया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी इस बयान की क्लिप और चर्चाएं सुर्खियां बटोर रही हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मंच से दिए गए इस बयान को कांग्रेस और बीजेपी के बीच पुरानी राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता और कार्यशैली की तुलना से जोड़कर देखा जा रहा है

कौन हैं फग्गन सिंह कुलस्ते ?

फग्गन सिंह कुलस्ते भारतीय जनता पार्टी के एक प्रमुख आदिवासी नेता और मध्य प्रदेश की मंडला लोकसभा सीट से कई बार के सांसद हैं। केंद्र की राजनीति में वह अटल बिहारी वाजपेयी सरकार से लेकर नरेंद्र मोदी के विभिन्न मंत्रिमंडलों में स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास और इस्पात जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों में राज्य मंत्री के रूप में लंबी सेवाएं दे चुके हैं। अपनी सादगी, जन-सरोकार और आदिवासी समाज के उत्थान व शिक्षा के प्रसार के लिए किए गए कार्यों के कारण उन्हें राजनीतिक गलियारों में एक कद्दावर और अनुभवी नेता माना जाता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here