हम यहां के नेता हैं, थाना जाओगी तो हाथ-पैर तोड़ देंगे?

0

जिलाध्यक्ष बनते ही विवादों में घिरे अमन गांधी, भाभी ने लगाया मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप
भाजयुमो जिलाध्यक्ष की नियुक्ति के जश्न के बीच घर में हंगामे का आरोप,
पति-पत्नी के साथ मारपीट का दावा,जांच में जुटी पुलिस
फोटो
पदमेश न्यूज़। बालाघाट।भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के जिलाध्यक्ष की कुर्सी संभालने से पहले ही अमन गांधी विवादों में घिर गए हैं।जिन पर उनकी भाभी ने ही मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने सहित अन्य आरोप लगाते हुए मामले की शिकायत कोतवाली पुलिस से की है जिसकी शिकायत पर पुलिस द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार रात भाजपा ने मध्यप्रदेश के 19 जिलों में भाजयुमो जिलाध्यक्षों और महामंत्रियों की नियुक्तियों की घोषणा की। इसमें बालाघाट से अमन गांधी को जिलाध्यक्ष और पूर्व मंत्री प्रदीप जायसवाल के पुत्र प्रबल जायसवाल को महामंत्री बनाया गया। नियुक्ति की खुशी में जहां समर्थक जश्न मना रहे थे, वहीं दूसरी ओर अमन गांधी की अपनी ही भाभी ने उन पर गंभीर आरोप लगाकर पुलिस की चौखट पर दस्तक दे दी। भाभी पूजा गांधी ने अमन गांधी सहित ससुर कुलदीप गांधी और विजय गांधी पर पति-पत्नी के साथ मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। देर रात कोतवाली पहुंची पीड़िता ने लिखित शिकायत देकर खुद, पति और छह वर्षीय बच्चे की सुरक्षा की गुहार लगाई है।

नियुक्ति के जश्न के बीच घर में विवाद, शराब पार्टी का विरोध करने पर मारपीट का आरोप
स्टेशन रोड निवासी पूजा गांधी के मुताबिक, गुरुवार रात जैसे ही उनके देवर अमन गांधी को भाजयुमो जिलाध्यक्ष बनाए जाने की घोषणा हुई, घर के सामने समर्थकों और परिचितों की भीड़ जुट गई। बाहर पटाखे फोड़े जा रहे थे और घर के भीतर कथित तौर पर शराब पार्टी चल रही थी। पूजा का कहना है कि वह छत पर करवाचौथ की पूजा कर रही थीं। इसी दौरान नीचे आकर उन्होंने पार्टी का विरोध किया और ससुर कुलदीप गांधी की फोटो खींच ली। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि ससुर ने उनके बाल पकड़कर जमीन पर गिरा दिया और इसके बाद अमन गांधी, कुलदीप गांधी और विजय गांधी ने उनके और उनके पति अभिषेक के साथ मारपीट की।

हम यहां के नेता हैं, थाना जाओगी तो हाथ-पैर तोड़ देंगे
पीड़िता पूजा गांधी ने शिकायत में ससुराल पक्ष पर लंबे समय से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि शादी के बाद से ही उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है। ससुर और देवर द्वारा कथित तौर पर धमकी दी जाती है कि वे यहां के नेता हैं और यदि थाने में शिकायत की तो हाथ-पैर तोड़ दिए जाएंगे। पूजा ने यह भी आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष उनके माता-पिता को अपशब्द कहता है और आए दिन ताने देकर परेशान करता है। पीड़िता के मुताबिक, उन्हें अब अपनी, पति और छह वर्षीय बच्चे की जान का खतरा है। इसी आशंका के चलते उन्होंने पुलिस से सुरक्षा की मांग की है।

पहले भी महिला थाने में की थी शिकायत
पूजा गांधी के अनुसार, उन्होंने इससे पहले भी 22 अगस्त को ससुराल पक्ष के खिलाफ महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। गुरुवार रात की कथित मारपीट के बाद उन्होंने रात करीब 10:30 बजे कोतवाली पहुंचकर लिखित आवेदन दिया। मामले में पुलिस शिकायत के आधार पर जांच कर रही है।

अमन गांधी ने कहा- मुझे जानकारी नहीं
भाजयुमो जिलाध्यक्ष की घोषणा के कुछ ही समय बाद सामने आए इस पारिवारिक विवाद ने राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा शुरू कर दी है। एक तरफ समर्थक नई नियुक्ति का जश्न मना रहे थे, तो दूसरी तरफ परिवार के भीतर मारपीट और धमकी के गंभीर आरोप पुलिस तक पहुंच गए। इस मामले में अमन गांधी ने औपचारिक चर्चा के दौरान पत्रकारों को बताया कि उन्हें इस बारे में कुछ पता नहीं है। फिलहाल पीड़िता के आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here