आज लालबर्रा में निकलेगा दीक्षार्थी गरिमा संचेती का भव्य वर्षीदान जुलूस

0

अभिनंदन समारोह एवं दीक्षार्थी का उद्बोधन, १४ दिसंबर को वारासिवनी में लेंगी जैन भगवती दीक्षा

पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। संसार की असारता को समझते हुए आत्म-कल्याण और वैराग्य के कठिन पथ पर अग्रसर हो रहीं सकल जैन समाज की गौरव सुश्री गरिमा संचेती आगामी १४ दिसंबर को वारासिवनी में जैन भगवती दीक्षा (संयम पथ) अंगीकार करने जा रही हैं। इस ऐतिहासिक और मंगलकारी अवसर से पूर्व, दीक्षार्थी आत्मा के अभिनंदन एवं अनुमोदना हेतु जैन श्री संघ लालबर्रा के तत्वाधान में कल २८ नवंबर को नगर में भव्य वर्षीदान एवं शोभायात्रा (जुलूस) का आयोजन किया गया है। २८ नवंबर को प्रात: ९ बजे लालबर्रा गार्डन के सामने स्थित श्री विनीतकुमारजी संचेती के निवास स्थान से भव्य वर्षीदान जुलूस का शुभारंभ होगा। जो गाजे-बाजे और धार्मिक जयघोष के साथ यह शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से भ्रमण करते हुए श्री शांतिनाथ (श्वेताम्बर) जैन मंदिर लालबर्रा पहुंचकर संपन्न होगी। इस दौरान दीक्षार्थी द्वारा वर्षीदान किया जायेगा तथा समाजजनों द्वारा जगह-जगह उनकी अगवानी कर अनुमोदना की जायेगी। वहीं लालबर्रा क्षेत्र में जैन समाज की पहली बेटी दीक्षार्थी गरिमा संचेती होगी जो जैन भगवती दीक्षा ग्रहण कर रही है। इस वर्षीदान जुलूस की भव्य तैयारी पुरी कर ली गई है और २८ नवंबर को दिनभर विविध धार्मिक कार्यक्रम संपन्न होगें।

परिवार और समाज में हर्ष का माहौल

आपकों बता दे कि दीक्षार्थी सुश्री गरिमा संचेती, स्व. विजयकुमार जी एवं श्रीमती कांताजी संचेती की सुपौत्री तथा विनीतकुमार जी एवं श्रीमती शुभ्राजी संचेती की सुपुत्री हैं। जिनकी उम्र २१ वर्ष है जिन्होने बीबीएस की पढ़ाई की है, जिसके साथ ही उन्होने धार्मिक पढ़ाई भी की है। युवावस्था में भौतिक सुखों का त्याग कर संयम मार्ग अपनाने के उनके इस दृढ़ संकल्प से पूरे संचेती परिवार सहित सकल श्वेताम्बर जैन समाज में अत्यंत हर्ष और गौरव का वातावरण बना हुआ है। २८ नवंबर को शाम ७.३० बजे से पांढरवानी रोड़ स्थित लॉन में अभिनंदन समारोह एवं विशेष उद्बोधन कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इसमें जैन श्री संघ एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा दीक्षार्थी सुश्री गरिमा संचेती का भव्य अभिनंदन किया जायेगा। साथ ही समाज के बच्चों एवं युवाओं द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जायेगी। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण स्वयं दीक्षार्थी सुश्री गरिमा संचेती का विशेष उद्बोधन होगा, जिसमें वे अपने वैराग्य पथ और संयम जीवन के अनुभवों को समाजजनों के समक्ष साझा करेंगी। इस अवसर पर नगर एवं आसपास के क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमी बंधुओं से पहुंचकर दीक्षार्थी की अनुमोदना करें और धर्मलाभ प्राप्त करने की अपील श्री शांतिनाथ (श्वेताम्बर) जैन मंदिर लालबर्रा के पदाधिकारियों ने की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here