पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। जनपद पंचायत लालबर्रा के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत बडग़ांव के ग्राम नयाटोला में मंगलवार की शाम में एक बेहद दु:खद हादसा सामने आया है। खेत की जुताई करने गये ३४ वर्षीय कामथी निवासी ट्रैक्टर चालक की विद्युत करेंट की चपेट में आने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद से ही क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त हो गई है। वहीं घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दी गई और वारासिवनी पुलिस घटना स्थल पहुंचकर शव बरामद कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं ग्रामीणजन एवं परिजनों ने जिस किसान की गलती से उक्त हादसा घटित हुआ है उस पर उचित कार्यवाही एवं पीडित परिवार को उचित मुआवजा दिलवाने की मांग की है।
विद्युत तार हटाने के दौरान हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार कामथी निवासी ३४ वर्षीय सुभाष पिता उमाशंकर चौधरी ट्रैक्टर चलाने का काम करता था जो वर्तमान में नयाटोला बडग़ांव के एक व्यक्ति का ट्रैक्टर चलाता था। जो प्रतिदिन की तरह मंगलवार को भी सुबह ट्रैक्टर चलाने गया था एवं शाम करीब ४ बजे के आसपास नयाटोला में किसी किसान के खेत में जुताई कर रहा था। तभी अचानक बिजली का वायर (तार) ट्रैक्टर के नोटरी में फंस गया। जिसके बाद सुभाष ने ट्रैक्टर रोकर तार (वायर) को हटाने का प्रयास किया लेकिन दुर्भाग्यवश तार में प्रवाहित हो रहे उच्च प्रवाह वाले करेंट की चपेट में आ गया। करेंट इतना तेज था कि युवक को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं विद्युत करेंट की चपेट में आने से ट्रैक्टर चालक सुभाष की मौत हो जाने की जानकारी लगते ही घटना स्थल में ग्रामीणजनों की भीड़ लग गई और पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। वहीं घटना की जानकारी लगते ही वारासिवनी थाना पुलिस की टीम घटना स्थल पहुंचकर आवश्यक कार्यवाही कर शव बरामद कर लिया है एवं शाम हो जाने के कारण दुसरे दिन मृत व्यक्ति का पोस्टमार्टम किया जायेगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं अचानक हुए इस हादसे से मृतक सुभाष चौधरी के परिवार पर दु:खों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं गांव में इस दु:खद घटना के बाद से मातम का माहौल है। बताया जा रहा है कि नयाटोला में एक किसान यानि खेत मालिक द्वारा विद्युत पोल से खींचकर नीचे-नीचे अवैध/असुरक्षित तरीके से बिजली का तार नाले खेत में मोटर चलाने के लिए लाया गया था। जब जुताई के दौरान यह तार ट्रैक्टर में फं स गया तो चालक सुभाष ट्रैक्टर रोक कर वायर को निकालने के लिए नीचे उतरा। जैसे ही उसने तार हटाने का प्रयास किया तो उसमें प्रवाहित हो रहे विद्युत करेंट की चपेट में आने से उसकी मौत होने की संभावना व्यक्त की जा रही है।
दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
मृतक सुभाष चौधरी अपने पीछे दो छोटे-छोटे बच्चों और परिवार को छोड़ गया है। वह मजदूरी व ड्राइवरी का काम करके जो कमाता था उस राशि से अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। जिसकी असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे ग्राम में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से लापरवाही बरतने वाले के खिलाफ सख्त कार्यवाही एवं पीडि़त परिवार को उचित मुआवजा दिलवाने की मांग की है।
बाईट – शेरसिंह देशमुख ग्रामीण – कामथी।










































