जहरीले सांप के काटने से महिला की हालत गंभीर
बालाघाट/
जिले के रूपझर थाना अंतर्गत सोनेवानी पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम उस्काल चक में गुरुवार सुबह एक 36 वर्षीय महिला को जहरीले सांप ने काट लिया। परिजनों ने तत्काल अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़ फूंक और देसी उपचार का सहारा लिया। जिससे करीब छह घंटे का बहुमूल्य समय निकल गया। बाद में महिला की हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल बालाघाट में भर्ती कराया गया। महिला द्रौपदी पति बिसन सिंह उइके 36 वर्ष का जिला अस्पताल में अचेत अवस्था में उपचार किया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम उस्काल चक निवासी श्रीमती द्रोपती उइके परिवार के साथ खेती मजदूरी करती है। परिवार में पति, दो बच्चे तथा अन्य सदस्य हैं। 30 जुलाई की सुबह लगभग 6 बजे द्रोपती का पति और परिवार के अन्य सदस्य कृषि कार्य के लिए खेत चले गए थे। इसी दौरान द्रोपती उइके घर के पीछे स्थित बाड़ी में लघुशंका के लिए गई थीं। तभी उनके बाएं पैर की जांघ में किसी जहरीले सांप ने काट लिया। घटना की जानकारी मिलते ही पति एवं अन्य परिजन खेत से घर पहुंचे। बताया जाता है कि द्रोपती को तत्काल अस्पताल ले जाने के बजाय पहले ग्राम कुलपा में झाड़ फूंक कराने के लिए ले जाया गया। वहां देसी उपचार और झाड़-फूंक का सहारा लिया गया।लेकिन द्रौपदी की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। इसके विपरीत उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई।
करीब छह घंटे बाद लगभग 3:30 बजे परिजन द्रोपती को जिला अस्पताल बालाघाट लेकर पहुंचे।जहां चिकित्सक ने उसे तत्काल भर्ती कर उपचार शुरू किया। अस्पताल पहुंचने तक महिला अचेत अवस्था में थी। चिकित्सक की निगरानी में उसका इलाज जारी है ।










































