स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत के पूर्व बल्लेबाज संजय मांजरेकर ने ब्रिटेन के दौरे में टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में मिली हार के लिए खिलाड़ियों को दोष देने के बजाय इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से जुड़ी समस्याओं को दूर करने का आग्रह किया। इसके अलावा उन्होंने कहा कि टीम का चयन आईपीएल के आधार पर नहीं किया जाना चाहिए।
मांजरेकर ने एक्स हैंडल पर लिखा, विदेशी धरती पर मिली इस पराजय के लिए खिलाड़ियों को आसानी से जिम्मेदार ठहराया जा सकता है लेकिन मुझे लगता है कि उन लोगों को जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए जिन्होंने आईपीएल को बल्लेबाजों के लिए अनुकूल बना दिया है जिससे भारतीय बल्लेबाजों पर दबाव पड़ता है।
इंपैक्ट प्लेयर नियम ने बदला खेल
आईपीएल की अक्सर इस बात के लिए आलोचना की जाती रही है कि उसमें बल्लेबाजों के लिए अनुकूल पिचें तैयार की जाती हैं जिससे ’पावर-हिटिंग’ को बढ़ावा मिलता है। इसके अलावा आईपीएल में बाउंड्री भी छोटी होती हैं। ’इंपैक्ट प्लेयर’ के नियम ने भी खेल को बल्लेबाजों के लिए अधिक अनुकूल बना दिया है।
टीम इंडिया की खराब शुरुआत
हालांकि, इसके उलट मौजूदा चैंपियन भारत के लिए यूके दौरा निराशाजनक रहा। टीम इंडिया को पहले आयरलैंड से 0-2 से सीरीज में हार मिली। इसके बाद उसे पांच मैचों की टी20 सीरीज में इंग्लैंड के हाथों 0-4 से करारी हार का सामना करना पड़ा। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम इंडिया की शुरुआत खराब रही।










































