अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायल के लोगों से प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के पक्ष में वोट देने की अपील की। उन्होंने नेतन्याहू को उत्कृष्ट योद्धा प्रधानमंत्री बताया और वेनेजुएला व ईरान से जुड़े सैन्य अभियानों का जिक्र किया।अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायल के लोगों से प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू (बीबी) के पक्ष में वोट देने की अपील की है। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर जारी संदेश में नेतन्याहू को एक ‘उत्कृष्ट योद्धा प्रधानमंत्री’ बताया और कहा कि दोनों ने मिलकर कई सफल सैन्य अभियान चलाए हैं। उन्होंने इजरायल के लोगों से चुनाव के दौरान नेतन्याहू के समर्थन को याद रखने की अपील की।
ट्रंप ने सैन्य अभियानों का किया जिक्र
ट्रंप ने अपने संदेश में कहा कि नेतन्याहू और उनके बीच बेहतर संबंध रहे हैं और दोनों ने मिलकर कई सफलताएं हासिल की हैं। उन्होंने वेनेजुएला में किए गए सैन्य हमले को इतिहास के सबसे सफल सैन्य अभियानों में से एक बताया। इसके अलावा ट्रंप ने ‘ऑपरेशन मिडनाइट हैमर’ का जिक्र करते हुए कहा कि इसके जरिए दुनिया के सबसे बड़े आतंकवाद प्रायोजक देश को परमाणु हथियार हासिल करने से रोका गया।
ट्रंप ने ‘ऑपरेशन एपिक फ्यूरी’ का भी जिक्र करते हुए दावा किया कि ईरान के पास अब नौसेना और वायुसेना नहीं बची है, उसकी सेना और अर्थव्यवस्था भी बुरी स्थिति में हैं। ट्रंप ने ईरान की महंगाई दर 301 प्रतिशत होने का दावा भी किया। उन्होंने कहा कि नौसैनिक नाकेबंदी के कारण ईरान तेल हासिल नहीं कर पा रहा है और उसके सैन्य व अन्य नेतृत्व के दो स्तर समाप्त हो चुके हैं‘नेतन्याहू एक उत्कृष्ट योद्धा प्रधानमंत्री’
ट्रंप ने इजरायल के मतदाताओं से कहा कि जब वे मतदान करने जाएं, तो यह याद रखें कि नेतन्याहू एक उत्कृष्ट योद्धा प्रधानमंत्री रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ बेहद बुरे लोगों द्वारा अमेरिका को ‘बड़ा सैतान’ (The Big Satan) और इजरायल को ‘छोटा सैतान’ (The Little Satan) कहा जाता था। उन्होंने जोर देकर कहा कि अब दुनिया भर में “अमेरिका की मौत, इजरायल की मौत” (Death to America, Death to Israel) जैसे नारे और नहीं सुने जा सकते और अब ऐसा नहीं होगा।
‘हमें शुरू किया गया काम पूरा करना है’
अपने संदेश के अंत में ट्रंप ने इजरायल के लोगों से नेतन्याहू को प्रधानमंत्री चुनने की अपील दोहराई। उन्होंने कहा, “हमें वह काम पूरा करना है, जिसे हमने शुरू किया था।” ट्रंप ने यह संदेश इजरायल के लोगों को संबोधित करते हुए जारी किया और कहा कि वह एक सप्ताह पहले नेतन्याहू के समर्थन में दिए गए अपने बयान को फिर से साझा कर रहे हैं।










































