रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर बैलिस्टिक मिसाइलों से ताबड़तोड़ हमले किए हैं, वहीं मॉस्को का दावा है कि उसने 800 से अधिक यूक्रेनी ड्रोन को हवा में ही मार गिराया। ट्रंप के दूत से मुलाकात के ठीक बाद पुतिन का यह हमला सामने आया है।रूस और यूक्रेन के बीच जारी खूनी संघर्ष ने एक बार फिर भयानक रूप ले लिया है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ से मुलाकात के दौरान त्रिपक्षीय शांति वार्ता फिर से शुरू करने पर ‘सैद्धांतिक सहमति’ जताने के कुछ ही घंटों बाद रूस ने रात भर यूक्रेन की राजधानी कीव पर बैलिस्टिक मिसाइलों से भीषण बमबारी की। दूसरी ओर, रूसी रक्षा मंत्रालय का दावा है कि उसकी वायु रक्षा प्रणालियों ने मॉस्को और अन्य शहरों को निशाना बनाकर दागे गए 808 यूक्रेनी ड्रोनों को हवा में ही मार गिराया।
कीव पर तीन लहरों में 21 बैलिस्टिक मिसाइलें
यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने सोशल मीडिया पर बताया कि रूसी हमलों ने रात भर यूक्रेन के 12 क्षेत्रों को निशाना बनाया, जिसमें कम से कम 4 लोगों की मौत हो गई और बच्चों समेत दर्जनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। राजधानी कीव पर 21 बैलिस्टिक मिसाइलें तीन अलग-अलग लहरों में दागी गईं। हमलों में रिहायशी इमारतें, ऊर्जा संयंत्र, रेलवे स्टेशन, मेट्रो सिस्टम और शॉपिंग मॉल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। जेलेंस्की ने खुलासा किया कि कीव पर दागी गई तीन बैलिस्टिक मिसाइलों में क्लस्टर हथियार लगे हुए थे, जो हवा में ही फटकर सैकड़ों छोटे-छोटे बम बरसाते हैं।,पूर्वोत्तर खार्किव क्षेत्र के लोजोवा में एक व्यस्त बाजार पर रूसी मिसाइल गिरने से 50 और 60 वर्ष की दो महिलाओं की मौत हो गई और दर्जनों अन्य घायल हो गए।
जेलेंस्की ने कहा कि “रूस ने इस युद्ध को लड़ने का अपना तरीका बिल्कुल नहीं बदला है। यह हमला साफ बताता है कि युद्ध को खत्म करने की उसकी कोई वास्तविक इच्छा नहीं है।”सर्दी को हथियार बना रहा रूस
भीषण ठंड का मौसम शुरू होने से ठीक पहले रूस यूक्रेन के ऊर्जा और बिजली ग्रिड को जानबूझकर निशाना बना रहा है ताकि आम नागरिकों को बिजली, हीटिंग और पीने के पानी से वंचित किया जा सके। यूक्रेन का आरोप है कि रूस इस बर्फीले मौसम को हथियार के रूप में इस्तेमाल कर रहा है। 11 अक्टूबर से लेकर अब तक रूस यूक्रेन के प्रमुख एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर पर 170 से अधिक हवाई हमले कर चुका है। जेलेंस्की ने अमेरिका और पश्चिमी देशों पर हवाई रक्षा प्रणाली की आपूर्ति में देरी करने का आरोप लगाया।
रूस ने किए 800 से अधिक ड्रोन पस्त
रूसी रक्षा मंत्रालय ने बयान जारी कर बताया कि उन्होंने अपने हवाई क्षेत्र में यूक्रेन की ओर से भेजे गए 808 ड्रोनों को मार गिराया है। मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन के अनुसार, इनमें से अकेले 630 ड्रोन मॉस्को शहर को निशाना बनाने के लिए भेजे गए थे, जिसके कारण मॉस्को के हवाई अड्डों पर रात भर उड़ानों को रोकना पड़ा। रूसी सेना ने कहा कि उन्होंने जवाबी कार्रवाई में यूक्रेन के उन ठिकानों को तबाह किया है जहां ड्रोन और क्रूज मिसाइलें बनाई और रखी जाती थीं, साथ ही ओडेसा बंदरगाह पर खड़े यूक्रेनी सैन्य जहाजों को भी निशाना बनाया गया है।










































