देवास। पचोर क्षेत्र में शादी समारोह में शामिल होने जा रहे इंदौर के लोगों की कार देवास-मक्सी के बीच हादसों के लिहाज से डेंजर जोन में शामिल बरखेड़ा फाटा क्षेत्र में टायर फटने के कारण सोमवार को पलट गई। हादसे में करीब आधा दर्जन यात्री घायल हो गए और चीख-पुकार मच गई। हादसा देखकर आसपास से निकल रहे राहगीर मदद के लिए दौड़े।
सूचना मिलने पर टोंककला पुलिस चौकी से टीम भी पहुंची। सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टर ने जांच करके एक महिला को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का उपचार किया गया। टोंककला पुलिस चौकी प्रभारी रमनदीप हुंदल ने बताया हादसा कार का टायर फटने से हुआ है। टायर फटते ही कार असंतुलित हो गई थी और सड़क से नीचे उतरकर खेत की ओर पलट गई थी।
इंदौर के नंदानगर के निवासी हैं कार सवार
देवास जिला अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार हादसे में 50 वर्षीय निर्मला पति घनश्याम निवासी इंदौर की मौत हुई है। वहीं हर्ष साहू, 10 वर्षीय जानवी, माखन साहू, कृष्णा साहू, छह वर्षीय आर्यन, ढाई वर्षीय आदर्श, 29 वर्षीय मंजू साहू घायल हुए हैं। सभी घायल एक ही परिवार के नंदानगर क्षेत्र इंदौर निवासी बताए जा रहे हैं। मामले में शून्य पर कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम किया है जिसे जांच के लिए टोंकखुर्द पुलिस थाना भेजा जाएगा।










































