भारतीय बॉक्स ऑफिस पर एक ओर जहां वीकडेज में भी हॉलीवुड फिल्मों का बोलबाला है, वहीं बॉलीवुड से लेकर साउथ तक की फिल्में खस्ताहाल हैं। थलपति विजय की आखिरी फिल्म ‘जन नायकन’ को रिलीज हुए 14 दिन हो गए हैं और यह अभी तक अपने बजट का 36.67% ही वसूल पाई है, वहीं लाख कोशिशों के बावजूद ‘धमाल 4’ भी अपना बजट नहीं निकाल पाई और फ्लॉप साबित होने वाली है। दूसरी ओर, टॉम हॉलैंड की ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ सही मायने में गदर काट रही है। महज 7 दिनों में वर्ल्डवाइड करीब ₹11000 करोड़ की ग्रॉस कमाई करने वाली इस फिल्म ने अकेले भारत में ₹380 करोड़ से अधिक की ग्रॉस कमाई कर ली है। क्रिस्टोफर नोलन की ‘द ओडिसी’ भी अब दुनियाभर में $1 बिलियन के करीब पहुंच चुकी है।
कहना गलत नहीं होगा कि इस वक्त सिनेमाघरों में ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे‘ की धूम मची है। करीब ₹2100 करोड़ के बजट में बनी मार्वल स्टूडियोज और सोनी पिक्चर्स की यह फिल्म 7 दिन में ही अपने बजट से 5 गुना अधिक की कमाई कर चुकी है। भारत में बुधवार को भी फिल्म को लेकर जबरदस्त क्रेज देखा गया, जहां अंग्रेजी, हिंदी, तमिल, तेलुगू, मलयालम और कन्नड़ में कुल 16,725 शोज में औसतन 44.1% ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई। जबकि ‘जन नायकन’ और ‘धमाल 4’ के शाज में यह संख्या 16% और 10% रही।
जुलाई में रिलीज हुई 6 हिंदी फिल्में, पांचों फ्लॉप!
जुलाई का बीता महीना भारतीय फिल्मों के लिए बेहद निराशाजनक रहा है। तमिल सुपरस्टार थलपति विजय की आखिरी फिल्म होने के बावजूद जहां ‘जन नायकन’ का हाल बेहाल है, वहीं बॉलीवुड की फिल्में- ‘बेबी डू डाई डू’, ‘अल्फा’, ‘द इंडिया स्टोरी’, ‘दुल्हनिया ले आएगी’ और ‘भाई तेरा स्टार है‘ बुरी तरह फ्लॉप हो गईं। हां, ‘धमाल 4’ ने दर्शकों को हंसाने की कोशिश जरूर की, लेकिन यह फिल्म भी अब 27 दिन बाद बोरिया बिस्तर समेटने वाली है और बजट नहीं निकाल पाई है।










































