पिपरई नाला बना जानलेवा, तेज बहाव में बहा 39 वर्षीय ग्रामीण

0


कोसमारा-खोलमार के बीच हुआ हादसा, रामदास मेश्राम की मौत
वर्षों से पुलिया निर्माण की मांग के बावजूद नहीं बनी व्यवस्था,
बारिश में दर्जनों गांवों का आवागमन जोखिम में
फ़ोटो
पदमेश न्यूज़।लांजी। लांजी थाना क्षेत्र के ग्राम कोसमारा और खोलमार के बीच स्थित पिपरई नाला शनिवार को एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। तेज बारिश के चलते नाले में आए पानी के तेज बहाव की चपेट में आने से ग्राम पवनी निवासी रामदास मेश्राम पिता भागचंद मेश्राम (39) की मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है, वहीं ग्रामीणों ने नाले पर स्थायी पुलिया अथवा पुल निर्माण नहीं होने को लेकर शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।

शुक्रवार शाम घर से निकले थे रामदास
प्राप्त जानकारी के अनुसार रामदास मेश्राम 11 सितंबर की शाम करीब 6 बजे घर से निकले थे। इसके बाद वे कहां गए, इसकी जानकारी परिजनों को नहीं थी। परिजन अपने स्तर पर उनकी तलाश कर रहे थे। शनिवार सुबह सूचना मिली कि कोसमारा-खोलमार के बीच पिपरई नाले में पानी के तेज बहाव में बहने से रामदास की मौत हो गई है। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। वहीं लांजी थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही लांजी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। परिजनों के बयान सहित अन्य पहलुओं की जांच के बाद हादसे की पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।

आज रामदास की मौत, कल किसकी बारी?
ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दिनों में पिपरई नाला लगातार खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि यदि समय रहते यहां स्थायी पुलिया या पुल का निर्माण नहीं कराया गया तो भविष्य में भी गंभीर हादसे हो सकते हैं। रामदास की मौत ने वर्षों से चली आ रही इस समस्या को एक बार फिर सामने ला दिया है।

बारिश में बढ़ जाता है खतरा
पिपरई नाले में सामान्य दिनों में आवागमन भले ही हो जाती है, लेकिन बारिश के दौरान पानी का स्तर और बहाव अचानक बढ़ जाता है। ग्रामीणों के अनुसार ऐसी स्थिति में नाला पार करना बेहद खतरनाक हो जाता है। इस मार्ग से आसपास के कई गांवों के ग्रामीणों के साथ किसान, मजदूर और स्कूली बच्चे भी आवागमन करते हैं। पानी बढ़ने पर लोगों के सामने आवागमन रोकने या जान जोखिम में डालकर नाला पार करने की मजबूरी रहती है।

प्रशासन से तत्काल निर्माण की मांग
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से पिपरई नाले का तत्काल निरीक्षण कराने और यहां स्थायी पुलिया अथवा पुल निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने की मांग की है। उनका कहना है कि बारिश के मौसम में ग्रामीणों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलना जरूरी है, ताकि किसी अन्य परिवार को रामदास मेश्राम जैसी त्रासदी का सामना न करना पड़े।

वर्षों से उठ रही पुलिया निर्माण की मांग- दिलीप
ग्राम पंचायत कोसमारा के सरपंच दिलीप धनोले ने बताया कि पिपरई नाले की समस्या को लेकर कई वर्षों से शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया जा रहा है। पूर्व में क्षेत्रीय विधायक हिना कावरे को भी नाले की समस्या से कई बार अवगत कराया गया था। वर्तमान विधायक राजकुमार कर्राहे को भी यहां निर्माण की आवश्यकता की जानकारी दी गई है। इसके बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
0000000000000000000000000000000

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here